यूक्रेन और रूस की जंग लंबी हो चली है। रूस के ताबड़तोड़ लगातार हमलों के बीच यूक्रेन भी रूस पर हमले से बाज नहीं आ रहा है। हालांकि इस जंग में यूक्रेन को काफी नुकसान हुआ है। इसी बीच यूक्रेन ने रूस पर नरसंहार का आरोप मढ़ा है। युद्ध अपराध का आरोप जड़ते हुए यूक्रेन व अन्य यूरोपीय देशों ने रूस पर कड़े प्रतिबंध की मांग फिर दोहराई है। 

यूक्रेन-रूस युद्ध 40 दिन बाद भी लगातार जारी है। यूक्रेन की राजधानी कीव में रूसी सैनिक कब्जा नहीं कर पाए लेकिन शहर को छोड़ने से पहले तबाही मचा दी है। यूक्रेन के अभियोजक-जनरल ने दावा करते हुए कहा है कि कीव क्षेत्र से 410 शव बरामद हुए हैं। राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने रूसी सेना पर नरसंहार का आरोप लगाया है।

राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने बुचा में सामूहिक कब्रें मिलने के बाद रूसी “युद्ध अपराधों” को समाप्त करने का आह्वान किया। वहीं संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने भी बयान जारी करते हुए कहा ‘यूक्रेन की राजधानी कीव के पास बुचा शहर में मृत नागरिकों की तस्वीरें देखकर उन्हें “गहरा सदमा” लगा। उन्होंने स्वतंत्र जांच की मांग की है। अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकेन ने कहा, हम बुचा और पूरे यूक्रेन में क्रेमलिन बलों द्वारा किए गए स्पष्ट अत्याचारों की कड़ी निंदा करते हैं। हम जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराने के लिए उपलब्ध हर उपकरण, दस्तावेजीकरण खंगाल रहे हैं।