पदम पति शर्मा
जमीन से जुडे भारतीय जनता पार्टी के नेता और पूर्व मंत्री मनोज सिन्हा को अहम जिम्मेदारी मिली है। उनको जम्मू और कश्मीर का उपराज्यपाल नियुक्त किया गया है। बुधवार शाम को गिरीश चंद्र मुर्मू के अपने पद से इस्तीफा देने के बाद आज गुरुवार की सुबह राष्ट्रपति भवन की ओर से मनोज सिन्हा की नियुक्ति का ऐलान किया गया है।
गौरतलब है कि 5 अगस्त को ही जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटे एक साल पूरा हुआ है, इसी बीच बुधवार शाम को अचानक जीसी मुर्मू के इस्तीफे की खबर आई थी. मुर्मू का इस्तीफा राष्ट्रपति ने स्वीकार कर लिया है।
मनोज सिन्हा को नए LG की जिम्मेदारी सौंपने का मतलब मतलब साफ है कि एक बार फिर जम्मू-कश्मीर के उच्चस्थ पद पर राजनीतिक शख्स को वरीयता दी गयी है। इससे पहले जब जम्मू-कश्मीर पूर्ण राज्य था तब सत्यपाल मलिक यहां के राज्यपाल थे, लेकिन जब केंद्रशासित प्रदेश बना तो अधिकारी जीसी मुर्मू को भेजा गया जीसी मुर्मू की गिनती भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खास अधिकारियों में होती रही है।
बीएचयू छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष मनोज सिन्हा 2014 के चुनाव में गाजीपुर से सांसद चुने गये थे। मनोज पूर्वी उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के बड़े चेहरे हैं। अपने कार्यकाल मे मनोज सिन्हा ने क्षेत्र में विकास कार्य के नये आयाम स्थापित किए थे। लेकिन उनको माफिया मुख्तार अंसारी के बडे भाई अफजाल अंसारी के हाथों 2019 के लोकसभा चुनाव में अप्रत्याशित रूप से हार का सामना करना पडा, जिसे एक बड़ा झटका माना गया था। मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में मनोज सिन्हा मंत्री रह चुके हैं और उनके पास रेलवे और संचार राज्यमंत्री का कार्यभार था।
उत्तर प्रदेश के 2017 के विधानसभा चुनाव में जब भारतीय जनता पार्टी को ऐतिहासिक जीत मिली थी, तब मनोज सिन्हा ही मुख्यमंत्री पद की रेस में सबसे आगे थे। वो दिल्ली से अपनी कर्मस्थली वाराणसी में पूजा-अर्चना करने भी, इस उम्मीद में कि मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे, पहुंच गए थे लेकिन पार्टी की ओर से अंतिम क्षणों में योगी आदित्यनाथ को आगे कर दिया गया।
बताने की जरूरत नहीं कि मनोज सिन्हा की गिनती प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भरोसेमंद नेताओं में होती है। ऐसे में अब एक बार फिर केंद्र सरकार की ओर से मनोज सिन्हा को एक ऐसे केन्द्रशासित प्रदेश की जिम्मेदारी सौंपी गयी है जो काफी संवेदनशील समझा जाता है।
“नेशन टुडे डाट काम” की ओर से आईटी बीएचयू से एमटेक मनोज सिन्हा को हार्दिक बधाई के साथ शुभकामनाएं। इस नाचीज को जनता पार्टी के दौर मे 1977 मे जनता युवा मोर्चा मे उनके साथ साथ काम करने का मौका मिला था। साफ सुथरी छवि के मनोज भाई जम्मू-कश्मीर मे सफलता के झंडे गाडे , काशी विश्वनाथ से यही कामना है।