लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में मैनपुरी की करहल विधानसभा सीट पर समाजवादी पार्टी के अध्‍यक्ष अखिलेश यादव के सामने भारतीय जनता पार्टी के उम्‍मीदवार केंद्रीय कानून राज्‍यमंत्री एसपी सिंह बघेल के काफिले पर मंगलवार देर शाम हमला कर दिया गया। भाजपा नेताओं ने इस घटना के लिए समाजवादी पार्टी को जिम्मेदार बताया है। दावा किया गया है कि करहल सीट से एसपी सिंह बघेल पर सपाई गुंडों ने हमला किया है।

यूपी के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने करहल विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल के काफिले पर हमले को लेकर समाजवादी पार्टी को कठघरे में खड़ा किया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि ‘अखिलेश यादव जी चुनाव में हार के डर से आपने अपने पालतू गुंडों से भाजपा प्रत्याशी और भाजपा नेताओं पर हमला करवाते हो, आपने हमला नहीं अपनी पराजय सुनिश्चित की है, क्या यही नई सपा है जो आपके खिलाफ चुनाव लड़े उस पर हमला कराओगे!’

केशव प्रसाद मौर्य ने अपने अगले ट्वीट में आरोप लगाया कि मैनपुरी के करहल विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल के काफिले पर सपाई गुंडों द्वारा हमला करना, असली चरित्र दिखाया है, कल ही भाजपा सांसद गीता शाक्य पर भी हमला किया गया था दोनों घटनाओं के दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।’ केशव प्रसाद मौर्य ने चुनाव आयोग से मैनपुरी के हर बूथ पर केंद्रीय बल तैनात करने की मांग की है।

यूपी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा है कि अखिलेश यादव हार की कगार पर खड़े हैं, इसीलिए हमला करवाया गया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, ‘करहल विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल के काफिले पर हमला यह दर्शाता है कि वहां से सपा के प्रत्याशी अखिलेश यादव हार की कगार पर खड़े हैं। चुनाव में जीत जनता के आशीर्वाद के बल पर मिलती है, गुंडो के आतंक के बल पर नहीं।’

बता दें कि मैनपुरी जिले की करहल विधानसभा सीट पर सपा मुखिया अखिलेश यादव के सामने चुनाव लड़ रहे भाजपा प्रत्याशी केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल भी लगातार अपने चुनाव प्रचार में लगे हैं। मंगलवार शाम करीब साढ़े सात बजे वे पैरार शाहपुर में चुनाव प्रचार करने के बाद लौट रहे थे। प्रो. बघेल के मुताबिक, गांव अतीकुल्लापुर के पास खेतों में छिपे हमलावरों ने उनके काफिले पर पथराव कर दिया। पथराव के बीच वाहन धीरे-धीरे आगे बढ़ते रहे। हमलावर लाठी-डंडे, सरिया लेकर बाहर आ गए और वाहनों को क्षतिग्रस्त करना शुरू कर दिया। हमलावरों की संख्या 200 के आसपास थी। उन्होंने घटना की सूचना मोबाइल पर एसपी अशोक कुमार राय को दी। कुछ देर में ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया, तब तक हमलावर फरार हो चुके थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here