नई दिल्ली (एजेंसी)। पीएम नरेंद्र मोदी ने वियना में आतंकी हमले की निंदा करते हुए कहा है कि वह इस कायरतापूर्ण आतंकवादी हमले से दुखी हैं। उन्होंने कहा है कि इस मुश्किल घड़ी में भारत ऑस्ट्रिया के साथ खड़ा है। ऑस्ट्रिया की राजधानी वियना में बंदूकधारियों ने सोमवार शाम को लॉकडाउन लागू होने से पहले बाहर घूम रहे लोगों पर गोलीबारी कर दी। इस आतंकी हमले में एक हमलावर समेत कम से कम दो लोगों की मौत हुई है और 15 अन्य जख्मी हुए हैं। 

पीएम मोदी ने ट्वीट किया, ”वियना में कायरतापूर्ण आतंकवादी हमले से गहरा सदमा लगा है और दुखी हूं। भारत इस मुश्किल घड़ी में ऑस्ट्रिया के साथ खड़ा है। मेरी संवेदनाएं पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ हैं।”

फ्रांस के राष्ट्रपति एमैनुएल मैक्रों ने भी कहा कि फ्रांसीसी ”आज रात हमले से प्रभावित हुए ऑस्ट्रिया के लोगों की पीड़ा और दर्द को साझा करते हैं।” उन्होंने लिखा, ”फ्रांस के बाद, यह दूसरा मित्र राष्ट्र है जिसपर हमला हुआ है। यह हमारा यूरोप है… हम झुकेंगे नहीं। फ्रांस में हाल के हफ्तों में तीन हमले हुए हैं, जिसके लिए मुस्लिम कट्टरपंथियों को जिम्मेदार ठहराया गया है। 

ऑस्ट्रिया के चांसलर सेबस्टियन कुर्ज़ ने कहा, ”मुझे बताते हुए खुशी हो रही है कि हमारी पुलिस एक हमलावर को ढेर करने में सफल रही। उन्होंने कहा, ”हम ऐसा कभी नहीं होने देंगे कि आतंकवादी हमें डराएं। हम हर तरीके से इन आतंकी हमलों से लड़ेंगे।”

पुलिस ने बताया कि शहर की एक सड़क पर रात आठ बजे के बाद कई गोलियां चलाई गईं। गोलीबारी छह स्थानों पर हुई है। ऑस्ट्रिया के शीर्ष सुरक्षा अधिकारी ने कहा कि अधिकारियों का मानना है कि कई बंदूकधारी इसमें शामिल हैं और पुलिस का अभियान अब तक जारी है। गृह मंत्री कार्ल नेहम्मर ने सरकारी प्रसारक ओआरएफ को बताया, ”यह एक आतंकी हमला
है।” उन्होंने कहा कि हमलावर राइफलों से लैस थे। सेना से शहर के अहम स्थलों की सुरक्षा करने को कहा गया है ताकि पुलिस हमलावरों का पीछा कर सके।

अजमल कसाब की तरह आतंकी अंधाधुंध गोली चला रहा था

आतंकवादी हमले की तस्वीरें और वीडियो भी सामने आ रहे हैं, जिनमें आतंकवादी सड़क पर घूमते हुए लोगों पर गोलियां बरसाता दिख रहा है। तस्वीरों को देखकर कई लोग इसे मुंबई हमले जैसा बता रहे हैं। वियना में भी आतंकवादी ठीक उसी तरह लोगों पर गोलियां बरसाता दिख रहा है, जिस तरह 2008 में मुंबई के सीएसटी स्टेशन पर पाकिस्तानी आतंकवादी अजमल कसाब और उसके  साथी भीड़ को गोलियों से भून रहे थे।  

वियना के मेयर माइकल लुडविंग ने कहा कि 15 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से सात गंभीर रूप से जख्मी हैं। वियना में यहूदी समुदाय के प्रमुख ऑस्कर डॉयच ने बताया कि गोलीबारी की घटना शहर के प्रमुख यहूदी उपासनागृह के बाहर वाली सड़क पर हुई है, लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि हमला इबादतगाह को निशाना बनाकर ही किया गया था या नहीं। उन्होंने ट्वीट किया कि उस वक्त उपासनागृह बंद था। 
     

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here