सोनीपत। कुंडली बार्डर पर पंजाब के युवक की नृशंस हत्या के आरोपियो निहंग भगवंत और गोविंद प्रीत ने शनिवार देर रात को कुंडली थाने में सरेंडर कर दिया।

पुलिस की तीन टीमों ने अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश तेज कर दी है। पुलिस ने अभी तक किसी अन्य किसी नाम का खुलासा नहीं किया है। निहंगों ने वीडियो वायरल कर धार्मिक ग्रंथ की बेअदबी का आरोप लगाकर युवक की हत्या करना स्वीकार किया है। कुंडली बार्डर पर जारी किसान आंदोलन स्थल के पास पंजाब के तरनतारन के गांव चीमा खुर्द के लखबीर सिंह की शुक्रवार तड़के हत्या कर दी गई थी।

हत्या का आरोप निहंगों पर लगा था। लखबीर पर धार्मिक ग्रंथ से बेअदबी करने का आरोप लगाकर हत्या की गई थी। आरोपितों ने इसके वीडियो भी बनाकर वायरल किए थे। आरोपित निहंग सरबजीत सिंह ने शुक्रवार देर शाम आत्मसमर्पण कर दिया था। वह पंजाब के गुरदासपुर की तहसील बटाला के गांव विठवा का रहने वाला है।शनिवार को सीआइए खरखौदा के प्रभारी योगेंद्र सिंह की टीम ने डीएसपी वीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में उसे कोर्ट में पेश किया गया। उसे सिविल जज (जूनियर डिवीजन) किम्मी सिंगला की कोर्ट में पेश किया गया।

जहां डीएसपी वीरेंद्र सिंह ने आरोपित को 14 दिन तक रिमांड पर देने की मांग की। कोर्ट ने आरोपित को सात दिन के पुलिस रिमांड पर दिया है। पुलिस ने बताया कि उसके साथियों का पता लगाने के लिए उसे गुरदासपुर व चमकौर साहिब ले जाया जाएगा। वहीं पुलिस ने बताया कि उससे एक तलवार बरामद हुई है। उससे वारदात में प्रयुक्त किया हथियार बरामद किया जाएगा। अदालत ने उसका सात दिन का रिमांड मंजूर कर लिया।

आरोपित की तरफ से पेश हुए अधिवक्ता मोनार्क भारद्वाज ने बताया कि अदालत ने आरोपित का प्रतिदिन मेडिकल कराने, अधिवक्ता को उससे रोजाना मिलाने के आदेश दिए हैं। इसके साथ ही उसकी रोजाना रिपोर्ट भी कोर्ट में देनी होगी। वहीं शनिवार देर रात हत्या के दो और निहंगों पंजाब के फतेहगढ़ साहिब के रहने वाले भगवंत सिंह और गोविंद प्रीत ने कुंडली थाने में सरेंडर कर दिया।

निहंगों ने दोनों को सिरोपा पहनाया और उन्हें कुंडली थाने में पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस दोनों को सुरक्षा दृष्टि से सोनीपत ले आई है। रविवार को दोनों को कोर्ट में पेश किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here