उत्तर प्रदेश के एटा जिले में रोडवेज बस स्टैंड स्थित ढाबे के संचालक को ठंडी रोटी पैक करने पर दुस्साहसी युवकों ने गोली मार दी। घटना के बाद भगदड़ मच गई।घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस की टीम पहुंची।। पुलिस और कर्मचारियों की मदद से घायल को जिला अस्तपाल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जरूरी कार्रवाई के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया।
रोडवेज बस स्टैंड पर ज्योति ढाबा है। बुधवार रात ढाबे पर संचालक अवधेश यादव निवासी ओरनी थाना मारहरा बैठे हुए थे। रात करीब साढ़े 11 बजे अमित चौहान निवासी नारायण नगर, कौस्तुब मिश्रा निवासी नारायण नगर पहुंचे और खाना पैक कराया। आरोपियों ने ठंडी रोटी बताते हुए रुपए देने से इनकार कर दिया। ढाबा मालिक ने पैक खाना रोक दिया। इसी बात को लेकर झगड़ा हो गया।
आरोपी अमित चौहान ने अवधेश यादव पर लाइसेंसी पिस्टल से फायर कर दिया। गोली जांघ में जा लगी। अवधेश घायल होने के बाद वहीं गिर पड़ा। घटना के बाद भगदड़ मच गई। घायल को ढाबा कर्मियों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले की जानकारी पुलिस को लगी। लोगों की मदद से दोनों आरोपियों को पुलिस ने पकड़ लिया। आरोपियों से दो लाइसेंसी पिस्टल, कारतूस बरामद हुए। बाइक भी बिना नंबर प्लेट की बरामद हुई है। मामले की रिपोर्ट घायल के भतीजा अवधपाल सिंह निवासी ओरनी मारहरा ने दोनों के विरुद्ध दर्ज कराई है।
ठंडी रोटी देने को लेकर विवाद हुआ। जिसके बाद आरोपी ने ढाबा संचालक को गोली मार दी। दोनों आरोपियों को पकड़कर पुलिस ने जेल भेजा है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।- सुनील कुमार सिंह, एसएसपी एटा।