भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने यूपी मंत्रिमंडल के साथ बैठक में सामूहिकता का सबक दिया। उन्होंने कहा कि मंत्री सिर्फ अपने बारे में न सोचें। अगर किसी दूसरे विभाग में अच्छी योजना का विचार उनके पास है तो जरूर बताएं। उन्हें मैं पर न सोच कर ‘हम’ पर विचार करना चाहिए। 

उन्होंने मंत्रियों को मिशन- 2022 के लिए जुट जाने को कहा और निर्देश दिए कि वे दो दिन अपने दफ्तर में जरूर बैठें। चाहे क्षेत्र का कार्यालय को या फिर सरकारी कार्यालय में दो दिन जरूर बैठे। यह जरूरी नहीं है कि मंत्री केवल क्षेत्र में भी रहें। उन्हें क्षेत्र के साथ सरकारी नीतियों पर संतुलन बैठाना जरूरी है। उन्होंने मंत्रियों से कहा कि जो काम सरकार ने किए हैं, उन्हें बार-बार प्रचार करें। उन्हें पुरजोर तरीके से उठाएं कि पिछली सरकारों ने ऐसा न कुछ किया न सोचा..। मंत्रिमंडल की बैठक में उन्होंने मुख्यमंत्री की मेहनत की तारीफ की और कहा कि सभी मिशन-2022 के लिए जुट जाएं।

नड्डा ने सरकार के कामकाज की तारीफ़

उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में प्रदेश मंत्रिपरिषद के सदस्यों के साथ बैठक कर सरकार के कामकाज को जाना तथा प्रदेश सरकार के कामों की तारीफ की। उन्होंने कहा कि कोरोना संकटकाल में प्रदेश सरकार ने जनकल्याण के साथ ही विकास के कार्यों को बखूबी अंजाम दिया। ईमानदारी से प्रदेश में लाखों लोगों को रोजगार देने का काम भी किया गया। शाम को करीब सात बजे अमौसी एयरपोर्ट पर पहुंचे जेपी नड्डा का स्वागत मुख्यंमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया। इस मौके पर मंत्रिपरिषद के अन्य सदस्य भी उपस्थित थे। प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचने पर प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल आदि ने उनका जोरदार स्वागत किया। नड्डा ने पहली बैठक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में मंत्रिपरिषद के सदस्यों के साथ की।  इस बैठक में श्री नड्डा ने जनकल्याण और विकास के कार्यों के लिए मुख्यमंत्री के साथ ही मंत्रिपरिषद के अन्य सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह अच्छी बात है कि प्रदेश सरकार और भाजपा संगठन प्रदेश की जनता के साथ खड़ी है। श्री नड्डा भाजपा संगठन को विस्तार देने के साथ ही केंद्र सरकार की जनकल्याण के कामों का प्रचार प्रसार कैसे हो इसके लिए राज्यों का दौरा कर रहे हैं। इसी कड़ी में वह लखनऊ आए हैं।

बीएल संतोष ने बताया कि संगठन के विस्तार को स्थायित्व कैसे दें

भाजपा के प्रदेश महामंत्री अश्वनी त्यागी ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि एयरपोर्ट से लेकर पार्टी कार्यालय तक हुए भव्य स्वागत ने यह बताने का काम किया कि प्रदेश की आम जनता भाजपा सरकार की नीतियों के साथ खड़ी है। नड्डा के पार्टी कार्यालय पहुंचने पर सबसे पहली बैठक पार्टी के राष्ट्रीय संगठन मंत्री बीएल संतोष ने कार्यकर्ताओं के साथ की। कोरोना संकटकाल में कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए जनकल्याण के कामों की तारीफ की। उन्होंने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय के विचारों को लेकर चलने वाले राजैनतिक दल ने यह बताने का काम किया है कि कार्यकर्ता संकट के समय सेवा का कार्य भी कर सकते हैं। श्री संतोष ने प्रदेश में भाजपा संगठन के विस्तार को स्थायित्व कैसे दें, इसके बारे में विस्तार से जानकारी दी।

आज बूथ स्तर कार्यकर्ताओं के साथ ही सांसद-विधायकों को संबोधित करेंगे नड्डा

अपने प्रवास कार्यक्रम के दूसरे दिन शुक्रवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नड्डा चिनहट ग्रामीण क्षेत्र की बैठक को संबोधित करेंगे। इसके बाद लखनऊ महानगर के बूथ अध्यक्षों के सम्मेलन में शामिल होंगे। अवध क्षेत्र के सांसदों व विधायकों के साथ बैठक कर आगे की रणनीति पर चर्चा करेंगे। लखनऊ और कानपुर क्षेत्र के पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक के बाद वह प्रबुद्धजनों के सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इन सारे कार्यक्रमों के संपन्न हो जाने पर वह यहां से प्रस्थान कर जाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here