उत्तर प्रदेश में 2022 में विधान सभा चुनाव होने वाले हैं। इसकी तैयारी में पार्टियां जुट गई हैं। वहीं, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) भी रणनीति तैयार कर रही है। पूर्वांचल में लोगों और कार्यकर्ताओं तक पहुंच बढ़ाने के लिए पार्टी अपना नया क्षेत्रीय कार्यालय तैयार किया है। जिसका भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा (जेपी नड्डा) ने रविवार को उद्घाटन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे।

यह कार्यालय 9 हजार स्क्वॉयर फीट में बनाया गया है। भाजपा ने यह कार्यालय कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के लिए बनाया है। कार्यालय बनवाने में करीब 6 करोड़ रुपये की लागत आई है।
अत्याधुनिक कार्यालय में कार्यकर्ताओं को मिलेगी सभी सहूलियतें
भाजपा का अत्याधुनिक कार्यालय डिजिटल सुविधाओं से पूरी तरह से लैस है। कार्यालय 9000 वर्गफीट क्षेत्रफल में बना हुआ है। 3900 वर्गफीट में निर्माण किया गया है। चार मंजिला भवन में आपातकालीन सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया है।
यह कार्यालय पूर्वांचल के लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों को जोड़ेगा। यह ऑफिस सीसीटीवी से लैस है। प्रथम तल पर दो कार्यालय जिला व महानगर के लिए है। इसी तल पर पं. दीनदयाल मीटिंग हॉल भी बना हुआ है। संगठन मंत्री के लिए आवासीय इंतजाम किए गए हैं। ई लाइब्रेरी, वीडिया कांफ्रेंसिंग, लॉन और लिफ्ट का इंतजाम किया गया है। परिसर को पूरी तरह वाई फाई से लैस है।
दो कमरों में चलती थी पार्टी, साकार हो रहा कार्यालय का सपना
नड्डा ने कहा कि पार्टी चलाने के लिए कार्यक्रम, कार्यकर्ता, कोष और कार्यालय की जरूरत होती है। रोहनिया में भाजपा कार्यालय बन जाने से कार्यकर्ताओं को अपना विकास करने का अवसर मिलेगा। 2014 में जब नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने तो उन्होंने लक्ष्य रखा था कि 700 से अधिक कार्यालय देश में बनेंगे। आज देश में चार सौ कार्यालय बन चुके हैं, यूपी में आज 80 में से 53 कार्यालय बन चुके हैं। अक्तूबर तक सभी 80 कार्यालय तैयार हो जाएंगे।