संयुक्त राष्ट्र। भारत (India) को बुधवार को 8वीं बार संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) का आठवीं बार अस्थायी सदस्य चुन लिया गया है। भारत 2021-22 कार्यकाल के लिए एशिया-प्रशांत श्रेणी से अस्थायी सीट के लिए उम्मीदवार था। भारत की जीत इसलिए तय मानी जा रही थी, कि वह समूह की इस इकलौती सीट के लिए एकमात्र उम्मीदवार था। चीन (China) और पाकिस्तान (Pakistan) समेत 55 सदस्यीय एशिया-प्रशांत समूह ने भारत की उम्मीदवारी का समर्थन किया था, जिसके फलस्वरूप भारत को निर्विरोध चुना गया है।

भारत अब UNSC के 2021-22 के कार्यकाल के लिए संयुक्त राष्ट्र की सर्वोच्च संस्था के आस्थायी सदस्य के तौर पर काम करेगा। भारत के साथ-साथ आयरलैंड, मेक्सिको और नॉर्वे को भी सुरक्षा परिषद का अस्थायी सदस्य चुना गया है। हालांकि कनाडा को इस बार सफलता नहीं मिल पायी। संयुक्त राष्ट्र में भारत के प्रतिनिधि टीएस तिरुमूर्ति ने जीत के बाद अपने वक्तव्य में कहा कि भारत कुशल नेतृत्व जारी रखेगा और एक बेहतर बहुपक्षीय व्यवस्था को नई दिशा देगा।

भारत को मिले 184 वोट

उल्लेखनीय है कि भारत को कुल 192 बैलट वोट्स में से 184 वोट मिले हैं। तिरुमूर्ति ने कहा, ‘मैं बहुत खुश हूं कि भारत को साल 2021-22 के लिए UNSC का अस्थाई सदस्य चुन लिया गया है। हमें भारी समर्थन मिला है और संयुक्त राष्ट्र के सदस्यों ने जो विश्वास जताया है उससे विनम्र महसूस कर रहा हूं।’ उन्होंने कहा कि भारत का एक बार फिर UNSC में चुना जाना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और वैश्विक नेतृत्व को पुख्ता करता है, खासकर कोरोना महामारी ऐसे कठिन समय में।

अमेरिका ने भी किया स्वागत

अमेरिका ने भी भारत के अस्थायी सदस्य बनने पर ख़ुशी जाहिर की है। एक ट्वीट के जरिए अमेरिका ने कहा- हम भारत का स्वागत करते हैं और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सफल चुनाव के लिए बधाई देते हैं। हम अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा के मुद्दों पर साथ काम करने के लिए उत्साहित हैं। जो भारत और अमेरिका के बीच सहभागिता की वैश्विक रणनीति है। उधर तिरुमूर्ति ने भी कहा, ‘भारत एक अहम समय पर सुरक्षा परिषद का सदस्य बना है और हमें भरोसा है कि कोविड के दौरान और कोविड के बाद की दुनिया में भारत हमेशा नेतृत्व प्रदान करेगा और बेहतर बहुपक्षीय व्यवस्था को नई दिशा देगा । ‘

हर साल 5 में होता है चुनाव

UNSC में हर साल दो वर्ष के कार्यकाल के लिए कुल 10 में से पांच अस्थायी सदस्यों के लिए चुनाव होते हैं। ये 10 सीटें क्षेत्रीय आधार पर दी जाती हैं। पांच सीटें अफ्रीका और एशियाई देशों के लिए, एक पूर्वी यूरोपीय देशों, दो लैटिन अमेरिका और कैरिबियाई देशों और दो पश्चिमी यूरोपीय और अन्य राज्यों के लिए वितरित की जाती हैं।

गौरतलब है कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद, संयुक्त राष्ट्र संघ के 6 प्रमुख हिस्सों में से एक है। इसका काम दुनियाभर में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करना होता है। यह परिषद दुनियाभर के देशो में शांति मिशन भी भेजता है और अगर दुनिया के किसी हिस्से में मिलिट्री ऐक्शन की जरूरत होती है तो सुरक्षा परिषद रेजोल्यूशन के जरिए उसे लागू भी करता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here