नयी दिल्ली। यदि इस बार जनगणना के लिए आपके दरवाजे पर दस्तक देने वाला कर्मचारी आपसे यह पूछे कि, आपके घर में मुख्य रूप से क्या पकता है, रोटी या भात, तो चौंकिएगा मत। दरअसल केन्द्र सरकार ने 2021 की जनगणना के भवन गणना चरण के दौरान जानकारी मांगने के लिए जिन 31 बिन्दुओं को अधिसूचित किया है, उनमें घर में उपभोग किया जाने वाला मुख्य अनाज भी शामिल है। यह एक नया बिन्दु है, जिसके बारे में जानकारी मांगी जाएगी। इसके अलावा बिन्दु संख्या 33 को हटा दिया गया है, जिसके तहत यह जानकारी मांगी जानी थी कि, घर के कितने सदस्य बैंकिग सेवाओं का इस्तेमाल करते हैं?
सूत्रों का कहना है कि, घर में खाये जाने वाले मुख्य अनाज के बारे में पूछने का उद्देश्य लोगों की भोजन संबंधी आदतों का पता लगाना है। इसके आधार पर क्षेत्रवार तैयार किये गये आंकड़ों से भविष्य में खाद्यान्न नीति बनाने में मदद मिलेगी। वैसे सूत्रों ने यह नहीं बताया कि, आखिर बैंकिंग सेवाओं का इस्तेमाल करने वाले घर के सदस्यों की संख्या के बारे में जानकारी लेने की जरूरत क्यों महसूस नहीं की गयी, जबकि पहले इसे सूची में शामिल किया गया था। भवनों की गणना का काम इस वर्ष अप्रैल से सितंबर के बीच किया जाना है।
भारत के महापंजीयक एवं जनगणना आयुक्त विवेक जोशी द्वारा जारी अधिसूचना में सरकार ने जनगणना के काम में जुटे अधिकारियों को 31 बिन्दुओं पर जानकारी जुटाने का निर्देश दिया है। इनमें भवन संख्या, मकान की छत, दीवार और फर्श में इस्तेमाल की गयी मुख्य सामग्री, मकान के उपयोग, उसकी हालत, घर के सदस्यों की संख्या, घर में रहने वाले लोगों की संख्या, घर के मुखिया का नाम, उसका लिंग, वह अनुसूचित जाति अथवा जनजाति का है या नहीं, भवन के स्वामित्व की स्थिति, रिहायशी कमरों की संख्या, घर के विवाहित युगल की संख्या, पेयजल के मुख्य स्रोत, पेयजल स्रोत की उपलब्धता, प्रकाश के मुख्य स्रोत, शौचालय की उपलब्धता, शौचालय का प्रकार, मलजल की निकासी की व्यवस्था, स्नानगृह की उपलब्धता, भोजन पकाने में इस्तेमाल किया जानेवाला मुख्य ईंधन, रेडियो, ट्रांजिस्टर या टीवी, इंटरनेट तक पहुंच, कम्प्यूटर/लैपटॉप, टेलीफोन/मोबाइल/स्मार्टफोन, घर में कौन सा वाहन है दोपहिया या चारपहिया, घर में मुख्य रूप से पकाया जानेवाला अनाज और मोबाइल नंबर शामिल हैं।