भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने कहा है कि जीतने में सक्षम लोग ही पंचायत चुनाव में प्रत्याशी बनेंगे। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों को ऐसी महिलाओं की भी टीम बनाने को कहा जो पंचायत चुनाव दमदारी से लड़ सकें। उन्होंने कहा कि बनारस खंड के एमएलसी चुनाव में भाजपा को मिली हार की समीक्षा होगी। इससे पार्टी की छवि को धक्का लगा है। 

सुनील बंसल भाजपा काशी क्षेत्र कार्यकारिणी की हरहुआ के गोकुलधाम में आयोजित बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव में पार्टी के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों के परिवार व पत्नी को प्रत्याशी नहीं बनाया जाएगा।  बंसल ने कहा कि कार्यकर्ता पंचायत चुनाव की तैयारियों में अभी से जुट जाएं। 
प्रदेश के सह प्रभारी सुनील ओझा ने कहा कि सन-2022 के चुनाव में बेहतर परिणाम के लिए बूथ व सेक्टर स्तर पर समन्वय जरूरी है। बैठक की अध्यक्षता काशी क्षेत्र के अध्यक्ष महेशचंद्र श्रीवास्तव व संचालन क्षेत्रीय महामंत्री अशोक चौरासिया ने किया। बैठक में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रवींद्र जायसवाल, विद्यासागर राय, हंसराज विश्वकर्मा, विधायक डॉ. अवधेश सिंह, सौरभ श्रीवास्तव आदि मौजूद थे। बैठक में प्रदेश भाजपा के नवनियुक्त सह संगठन महामंत्री भवानी सिंह का कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। भवानी सिंह ने कहा कि जैसे हम शरीर को स्वस्थ रखने के लिए व्यायाम और मन को स्वस्थ रखने के लिए साधना करते हैं, उसी प्रकार संगठन की मजबूती के लिए चिंतन जरूरी है। लक्ष्य पाने के लिए कड़ी मेहनत करनी होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here