दुनिया में कोरोनावायरस से अब तक 23 लाख 30 हजार 937 लोग संक्रमित हैं। एक लाख 60 हजार 755 की मौत हो चुकी है। वहीं, पांच लाख 96 हजार 537 ठीक भी हुए हैं। जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे (sinzo abe )ने शनिवार को पूरे देश में आपातकाल लगा दिया। इससे पहले टोक्यो, ओसाका समेत सात प्रांतों में इमरजेंसी घोषित की गयी थी।
देश में अब संक्रमण के कुल 10 हजार मामले हो गए हैं। वहीं, अब पश्चिम एशिया में सबसे संक्रमित देश तुर्की (82 हजार 329) हो गया है। इससे पहले ईरान (iran ) था, जहां अभी कुल 80 हजार 868 मामले हैं। अमेरिका में 7.38 , स्पेन में दो लाख, इटली 1.75 लाख, फ्रांस 1. 51, जर्मनी 1.43 लाख संक्रमित हैं।
कोरोना वीरों के लिए हुआ ऑनलाइन कॉन्सर्ट
महामारी से लड़ने वाले स्वास्थ्यकर्मियों के सम्मान में शनिवार को ऑनलाइन कॉन्सर्ट (online concert )का आयोजन किया गया। इसमें दुनिया के 100 जाने-माने गायक एक मंच पर नजर आए। ‘वन वर्ल्ड टूगेदर ऐट होम’ कार्यक्रम में सभी गायकों ने अपने घरों से ही प्रस्तुति दी। ग्लोबल सिटीजन और विश्व स्वास्थ्य संगठन ने सिंगर लेडी गागा (gaga ) के साथ मिलकर इसका आयोजन किया। इसका प्रसारण फेसबुक, ट्विटर, ट्विच, यूट्यूब, ट्यूइनइन और अमेजन प्राइम वीडियो पर आठ घंटे तक चला। इस मौके पर लेडी गागा ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल फंड जमा करने के उद्देश्य से नहीं किया गया है। इसके जरिए हम यह संदेश देना चाहते हैं कि पूरी दुनिया स्वास्थ्यकर्मियों के काम की सराहना और सम्मान करती है। गायक गीता ओरा ने कहा कि लोगों को डब्ल्यूएचओ ( who)की सलाह को अपनाना चाहिए। इस कार्यक्रम में भारतीय कलाकार विशाल मिश्रा, प्रियंका चोपड़ा, अमेरिकी गायक एंड्रा डे, प्यूर्टो रिक गायक लुई फॉन्सी समेत कई जाने-माने गायक शामिल थे।
अमेरिका: 24 घंटे में 29 हजार केस मिले
अमेरिका में अब तक 39 हजार से ज्यादा जान जा चुकी है। जबकि सात लाख 38 हजार संक्रमित हैं। यहां एक दिन में संक्रमण के 29 हजार 57 केस मिले हैं। बीबीसी के मुताबिक, देश में सबसे ज्यादा प्रभावित न्यूयॉर्क में 24 घंटों में 540 लोगों की मौत हुई है। यहां अब तक 17 हजार 671 जान जा चुकी है। राज्य के गवर्नर एंड्रयू क्यूमो (cumon )ने कहा कि अस्पतालों में मरीजों की संख्या में कमी आ रही है। एक दिन पहले अस्पतालों में 17 हजार 316 मरीज थे, लेकिन शनिवार को 17,967 हो गए। 24 घंटे में करीब दो हजार मरीज अस्पताल में भर्ती कराए गए हैं। शनिवार के आंकड़ों से थोड़ी राहत मिलती दिख रही है। हालांकि, उन्होंने कहा कि राज्य की अर्थव्यवस्था तेजी से खोली गई तो संक्रमण का खतरा एक बार फिर से बढ़ सकता है।
ईरान की मदद करेगा अमेरिका
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने शनिवार को कहा कि अमेरिका संक्रमितों के इलाज में मदद के लिए ईरान को वेंटिलेटर की आपूर्ति कर सकता है। यदि वे चाहते हैं, तो मैं उन्हें जरूर वेंटिलेटर(ventilator ) भेजूंगा। वे मुश्किल में हैं। हमारे पास हजारों अतिरिक्त वेंटिलेटर हैं। ईरान में अब तक पांच हजार से ज्यादा जान जा चुकी है, जबकि 80 हजार 868 संक्रमित हैं।
उन्होंने कहा- जब मैं ईरान गया था तो वहां आतंक था। ईरान पूरे पश्चिम एशिया पर कब्जा करने जा रहा था। लेकिन अब वह बहुत अलग देश बन गया है। अब ईरान के लोग केवल जीवित रहना चाहते हैं। वे हर हफ्ते विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं। वे विपत्ति से घिरे हुए हैं, जो मुझे नहीं चाहिए। मैंने उन्हें मदद करने की पेशकश की है यदि वे चाहते हैं। अगर उन्हें वेंटिलेटर की जरूरत है, जो उन्हें चाहिए। मैं उन्हें वेंटिलेटर भेजूंगा। हमारे पास हजारों अतिरिक्त वेंटिलेटर हैं।”
चीन: वुहान कम जोखिम वाला क्षेत्र घोषित
चीन के स्वास्थ्य अधिकारियों ने रविवार को बताया कि कोरोनावायरस का केंद्र रहे वुहान शहर को कम जोखिम वाला क्षेत्र घोषित कर दिया गया है। देश में हुई कुल मौतों में 50% जान यहीं गई हैं। चीन की स्टेट काउंसिल द्वारा जारी जोखिम मानदंड के अनुसार, पिछले 14 दिनों में जिन शहरों और जिलों में कोई नया मामला दर्ज नहीं किया गया है, उसे कम जोखिम वाले क्षेत्र के रूप में वर्गीकृत किया गया है। देश में शनिवार को 16 नए मामलों की पुष्टि हुई है। इनमें ज्यादातर बाहर से आए केस हैं। यहां अब तक 82 हजार 735 संक्रमित हैं, जबकि 4,632 की मौत हो चुकी है।
कनाडा: कुल मौतें 1500 के करीब
कनाडा में 24 घंटे में 160 लोगों की जान गई, जबकि 1,456 मरीज मिले। इसके साथ ही यहां मौतों का कुल आंकड़ा 1,470 हो गया है। वहीं, संक्रमण के मामले 33 हजार 383 हो गए हैं। कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने शनिवार को घोषणा की कि कनाडा और अमेरिका की सीमा 30 दिनों के लिए फिर से बंद रहेगी। इस दौरान दोनों देशों के बीच किसी भी गैर-जरूरी यात्रा पर प्रतिबंध रहेगा। सरकार ने 21 मार्च से ही अमेरिका के साथ सीमा बंद की हुई थी। यह पाबंदी मंगलवार को खत्म होने वाली थी। ट्रूडो ने कहा- दोनों देशों के नागरिकों को सुरक्षित रखने के लिए यह कदम उठाया गया है। केवल माल ढुलाई और स्वास्थ्य तथा आपातकालीन स्थिति के लिए ही सीमा से प्रवेश और निकासी की जा सकती है। देश के पूर्वी प्रांत क्यूबेक और ओंटारियो में कोरोना के दस हजार से भी अधिक मामले दर्ज किए गए हैं।
इजराइल: लॉकडाउन में ढील
इजराइल में मृत्यु दर अपेक्षाकृत कम है, लेकिन बेरोजगारी दर 26% से ज्यादा है। सरकार ने सोशल डिस्टेंसिंग और अन्य एहतियातन उपायों जैसे लॉकडाउन में अब ढील देनी शुरू कर दी है। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने शनिवार रात इसकी घोषणा की। उन्होंने कहा कि रविवार से हम व्यक्तिगत और आर्थिक क्षेत्रों को खोलना शुरू करेंगे। उन्होंने कहा कि घर से बाहर एक साथ 10 लोगों को प्रार्थना करने की अनुमति होगी। कंपनियां अपने 30% कर्मचारियों को ऑफिस बुला सकती है। खुदरा दुकान जैसे इलेक्ट्रॉनिक्स, स्टेशनरी, घरेलू सामान, चश्मा, कंप्यूटर उपकरण और किताबें बेचने वाले स्टोर फिर से खुल सकेंगे। हालांकि, मॉल बंद ही रहेंगे। नागरिकों को किसी भी तरह की बाहरी गतिविधि करने की अनुमति नहीं होगी।