अयोध्या, 30 जनवरी। वरिष्ठ भाजपा नेता और केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्यमंत्री शोभा करांदलाजे का कहना है कि यूपी की जनता देश में सांस्कृतिक पुनर्जागरण की अलख जगाने वाली भाजपा को भारी बहुमत के साथ दोबारा सत्ता में लाएगी। सुश्री करांदलाजे रविवार को यहां प्रभु श्रीराम की जन्मस्थली अयोध्या में घर-घर जाकर भाजपा के लिए वोट मांग रही थीं। भाजपा के अनेक स्थानीय नेता व कार्यकर्ता उनके साथ चल रहे थे।
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की सरगर्मियां तेज हो गई हैं और भाजपा ने अपने डोर-टू-डोर चुनावी अभियान में पूरी ताकत झोंकी है।
अवध में भारतीय जनता पार्टी के चुनाव की कमान संभाल रहीं सुश्री करांदलाजे ने कहा कि अयोध्या में प्रभु श्रीराम के भव्य मंदिर का निर्माण हो रहा है जोकि देश में सांस्कृतिक पुनर्जागरण का परिचायक है।
उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों की आकांक्षाओं का सम्मान करते हुए सांस्कृतिक पुनर्जागरण का मार्ग प्रशस्त किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था का राज कायम हुआ है और सूबे में आज चौतरफा विकास की बयार चल रही है।


शोभा करांदलाजे ने कहा, ’’डबल इंजन की सरकार में उत्तर प्रदेश का चौतरफा विकास हुआ है और विकास की रफ्तार आगे भी जारी रखने के लिए भाजपा का दोबारा सत्ता में आना जरूरी है।’’
उन्होंने कहा कि यूपी की जनता प्रदेश में कानून-व्यवस्था का राज, चौतरफा विकास और समाज में सांस्कृतिक पुनर्जागरण की अलख जगाने के लिए भाजपा को वोट देगी।
चुनाव प्रचार अभियान के दौरान लोगों से से मिल रही प्रतिक्रिया का उल्लेख करते हुए कृषि राज्यमंत्री ने बताया, ’’ लोग बताते हैं कि वे मोदी-योगी की अगुवाई में चल रही डबल इंजन की सरकार के कामकाज से खुश हैं और भाजपा को ही दोबारा सत्ता में देखना चाहते हैं।
कर्नाटक भाजपा की कद्दावर नेता शोभा करांदलाजे उत्तर प्रदेश में पार्टी की चुनाव सहप्रभारी हैं। चुनावी अभियान के सिलसिले में वह इन दिनों में यूपी का दौरा कर रही हैं। बीते दो दिनों से लखनऊ में डोर-टू-डोर कैंपेन करने के बाद रविवार को वह अयोध्या में थीं। अयोध्या विधानसभा क्षेत्र में वह भाजपा के स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ घर-घर जाकर लोगों से भाजपा को वोट देने की अपील कर रही थीं। अध्योध्या में पांचवें चरण में 27 फरवरी को मतदान होगा।
उत्तर प्रदेश में सात चरणों में होने जा रहे विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान 10 फरवरी को होगा जबकि आखिरी चरण का मतदान सात मार्च को। यूपी समेत पांच राज्यों में हो रहे विधानसभा चुनावों की मतगणना 10 मार्च को होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here