विशेष संवाददाता

जर्मनी के हनाऊ शहर में दो अलग-अलग जगहों पर हुई गोलीबारी की घटनाओं में प्रारंभिक सूचनाओं के अनुसार आठ लोगों की मौत हो गई है और कम से कम पांच लोग घायल हो गए हैं। यह जानकारी जर्मनी की स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स से मिली है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक़ किसी अज्ञात हमलावर ने शहर के शीशा बार में गोलियां चलाईं। हनाऊ के पास केसेल्ताद इलाके में एक दूसरे शीशा बार पर भी गोलीबारी की जानकारी मिली है। पुलिस ने बीबीसी को बताया कि बंदूकधारियों ने स्थानीय समयानुसार बीती रात 10 बजे गोलियां चलाईं।

पुलिस अधिकारियों ने दोनों घटनास्थलों की घेराबंदी कर दी है और हेलिकॉप्टरों की मदद से दोनों इलाकों की सुरक्षा की जा रही है। स्थानीय जर्मन ब्रॉडकास्टर हेसेनशाउ के मुताहिक़ पहली गोलीबारी में तीन लोग मारे गए और दूसरी में पांच लोगों की मौत हो गई।

जर्मन अख़बार बिल्ड के मुताबिक़ अधिकारियों का कहना है कि संदिग्ध हमलावर गोली चलाने के बाद भाग गए हैं। हमलावरों के इरादों के बारे में अब तक कुछ स्पष्ट नहीं हो सका है। हनाऊ जर्मनी के हेसेन राज्य का एक शहर है जो फ़्रैंकफ़र्ट से पूर्व में करीब 25 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। इस मामले में ज़्यादा जानकारी का इंतज़ार है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here