चक्रधरपुर। गृह मंत्री अमित शाह ने घोषणा की है कि 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले पूरे देश में राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर (NRC) लागू कर दिया जाएगा। अमित शाह झारखंड के चक्रधरपुर में एक चुनावी रैली को संबोधित कर रहे थे और रैली के दौरान ही उन्होंने अगले लोकसभा चुनाव से पहले देशभर में एनआरसी लागू करने को लेकर यह बयान दिया है। अमित शाह ने जनता को संबोधित करते हुए कहा ”मैं आपको कहकर जाता हूं, 2024 में जब आपसे वोट लेने आएगें उससे पहले पूरे देश के अंदर एनआरसी लगाकर घुसपैठियों को चुन-चुनकर निकालने का काम भारतीय जनता पार्टी करेगी।”

चक्रधरपुर में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी कहती है कि घुसपैठिओं को देश से मत निकालो, अमित शाह ने कहा आपको जो बोलना है बोलिए लेकिन 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान जब जनता से वोट मांगने आएंगे तो एनआरसी पूरे देश में लागू हो चुकी होगी। 

गृह मंत्री अमित शाह ने चक्रधरपुर में रैली के दौरान केंद्र की मोदी सरकार और झारखंड की रघुवर दास सरकार की उपलब्धियां गिनाई और झारखंड की जनता ने केंद्र और राज्य में जो पूर्णबहुमत की सरकार बनाई थी उसी की वजह से झारखंड विकास के रास्ते पर आगे बढ़ सका। अमित शाह ने यह भी कहा कि उनकी सरकार बनेगी तो झारखंड में दलित और आदिवासी समाज के आरक्षण को छुए बिना ओबीसी समाज को आरक्षण देने के लिए कमेटी का गठन किया जाएगा। 

गृह मंत्री अमित शाह ने अपनी रैली के दौरान कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा सरकार के गठबंधन पर भी निशाना साधा और कहा कि झारखंड के लिए जब अलग राज्य का आंदालोन चल रहा था तो कांग्रेस पार्टी उस आंदोलन को कुचल रही थी, और झारखंड मुक्ति मोर्चा के हेमंत सोरेन अब उसी कांग्रेस पार्टी की गोदी में बैठकर मुख्यमंत्री बनने के लिए निकले हैं, अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा का उद्देश्य सत्ता प्राप्त करना है और भाजपा का उद्देश्य झारखंड को विकास के रास्ते पर आगे लेकर जाना है।

Advertisements

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here