नई दिल्ली। कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने इस साल अपना जन्मदिन नहीं मनाने का फैसला किया है। इसके पीछे देश भर में महिलाओं के खिलाफ अपराध और अत्याचार की बढ़ रही घटनाओं को वजह बताया है।

सूत्रों के मुताबिक सोनिया गांधी ने कहा कि वह महिलाओं पर लगातार अत्याचार और दिल्ली की अनाजमंडी में रविवार को भीषण अग्निकांड में 43 लोगों की मौत होने से काफी दुखी हैं, इसलिए इस बार अपना जन्मदिन नहीं मनाएंगी। 

इंदिरा और राजीव गांधी की विरासत के साथ लंबे अरसे से कांग्रेस की कमान संभालती आ रहीं सोनिया गांधी सोमवार यानी 9 दिसंबर को 73 साल की हो जाएंगी। सोनिया गांधी का जन्म साल 1946 में हुआ था।

सोनिया गांधी साल 1998 में कांग्रेस अध्यक्ष पद पर आसीन हुई थीं। उनके नेतृत्व में पार्टी 2004 से 2014 के मई तक लगातार 10 साल केंद्र की सत्ता में रही। साल 2017 में उन्होंने अपने बेटे राहुल गांधी को पार्टी की कमान सौंप दी। लेकिन 2019 के लोकसभा चुनाव का बेहद चौंकाने वाला परिणाम कांग्रेस के खिलाफ जाने पर राहुल ने अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया। पार्टी की कमान अब फिर से सोनिया के हाथ में है।

केंद्र की भाजपा सरकार की कथित गलत नीतियों और आर्थिक मंदी को मुद्दा बनाते हुए कांग्रेस 14 दिसंबर को राष्ट्रीय राजधानी में बड़ी रैली का आयोजन भी करने वाली है।

बता दें कि हाल के दिनों में महिलाओं पर बढ़ रहे अपराधों के मामले में काफी इजाफा देखा गया है। साथ ही महिलाओं के खिलाफ कई ऐसे मामले भी सामने आए हैं, जिनसे पूरा देश दहल उठा। इन अपराधों के लेकर देश की जनता में भी काफी आक्रोश देखा जा रहा है।

क्या-क्या वारदात हुईं?

तेलंगाना में महिला डॉक्टर के साथ गैंगरेप करने और फिर हत्या कर शव को जलाने का मामला सामने आया था। आरोपियों ने हैदराबाद में महिला डॉक्टर के साथ 27 नवंबर की रात तब हैवानियत की थी, जब डॉक्टर अपने घर लौट रही थी। इसके बाद आरोपियों ने डॉक्टर की हत्या कर दी थी और उसके शव को जला डाला था। इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था। जिनका बाद में एनकाउंटर कर दिया गया।

वहीं एक और मामला उत्तर प्रदेश का है। जहां उन्नाव रेप पीड़िता को जिंदा जला दिया गया। इस मामले में पीड़िता 90 फीसदी तक जल गई। हालांकि बाद में उसकी मौत हो गई। इन दोनों घटनाओं को लेकर देश में महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे पर काफी विरोध प्रदर्शन देखे जा रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here