LIVE

खेल विभाग ने स्वच्छता को बढ़ावा देने और लंबित मामलों के निपटारे के लिए विशेष अभियान 6.0 में भाग लिया

खेल विभाग ने अपने अधीनस्थ संगठनों, जिनमें भारतीय खेल प्राधिकरण (साई), लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षा संस्थान (एलएनआईपीई), राष्ट्रीय खेल विश्वविद्यालय (एनएसयू), राष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी (नाडा) तथा राष्ट्रीय डोप परीक्षण प्रयोगशाला (एनडीटीएल) शामिल हैं, के सहयोग से प्रशासनिक सुधार एवं लोक शिकायत विभाग (डीएआरपीजी) के विशेष अभियान 6.0 में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

इस अभियान का उद्देश्य उत्तरदायी शासन सुनिश्चित करना, प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सुव्यवस्थित करना तथा ई-कचरे का वैज्ञानिक तरीके से प्रबंधन करना था। यह अभियान 2 से 31 अक्टूबर, 2026 तक चला। इसके अंतर्गत ई-कचरे के प्रभावी संग्रहण, पृथक्करण और निपटान पर विशेष ध्यान दिया गया। विभाग की कार्यप्रणाली में स्वच्छता के सिद्धांतों को समाहित करने पर भी बल दिया गया।

दिल्ली क्षेत्र के साई ने विशेष अभियान 6.0 के तहत स्वच्छता अभियान चलाया

खेल विभाग ने 2 अक्टूबर, 2026 को फिट इंडिया स्वच्छता फ्रीडम रन के उत्साहपूर्ण शुभारंभ के साथ इस पहल की शुरुआत की। इसका उद्देश्य दैनिक शारीरिक फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना था। ‘स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत’ की थीम को एक साथ आगे बढ़ाना था।

अभियान के दौरान विभाग ने सांसदों से प्राप्त 15 लंबित संदर्भों और राज्य सरकारों से प्राप्त 4 संदर्भों का प्रभावी ढंग से निपटारा किया। 120 जन शिकायतों और पीएमओ से प्राप्त 2 संदर्भों का समाधान किया गया तथा 3 संसदीय आश्वासनों को पूरा किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा निरंतर निगरानी सुनिश्चित की गई, जिससे प्रत्येक लक्ष्य को सटीकता, समयबद्धता और सार्थक परिणामों के साथ हासिल किया जा सका। इस अभियान के अंतर्गत फाइलों सहित डिजिटल फाइलों के प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान दिया गया। इसके कार्यान्वयन चरण के दौरान 290 फाइलों की समीक्षा की गई। 340 ई-फाइलों की समीक्षा का कार्य भी पूरा किया गया, जो विभाग में डिजिटल अभिलेखों के प्रबंधन की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

हौज खास स्थित डियर पार्क में फिट इंडिया फ्रीडम रन 7.0 का आयोजन

खेल विभाग के अधीनस्थ संगठनों के क्षेत्र कार्यालयों और मुख्यालयों सहित चिन्हित 65 स्थानों पर स्वच्छता अभियान चलाए गए। इस सामूहिक प्रयास से 50,605 वर्ग फुट स्थान रिक्‍त कराया गया। अभियान के दौरान कबाड़ के निपटान से 9,29,946 रुपये का राजस्व अर्जित हुआ। यह स्वच्छता के प्रयासों में सतत विकास और संसाधनों के बेहतर उपयोग के प्रति विभाग की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। विभाग और इसके अधीनस्थ संगठनों ने विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर 30 पोस्ट साझा कीं। इन पोस्ट के माध्यम से #SpecialCampaign6 हैशटैग का उपयोग करते हुए अभियान के प्रचार-प्रसार को व्यापक बनाया गया।

तिरुवनंतपुरम स्थित साई एलएनसीपीई के संकाय सदस्यों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने ‘स्वच्छता ही सेवा 2026′ के तहत स्वच्छता की शपथ ली

विशेष अभियान 6.0 के साथ-साथ खेल विभाग ने 17 सितंबर से 2 अक्टूबर, 2026 तक ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान भी मनाया। इस अभियान की थीम ‘स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत’ था। स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के तहत विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने 1 अक्टूबर को स्वच्छता की शपथ ली। इस दौरान उन्होंने अपने कार्यस्थलों, घरों और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। विभाग के सफाई कर्मचारियों को स्वच्छता किट भी वितरित की गईं।

इस पहल के माध्यम से खेल विभाग न केवल स्वच्छता के मूल्यों को सुदृढ़ कर रहा है, बल्कि व्यावहारिक और कुशल शासन का उदाहरण भी प्रस्तुत कर रहा है।

Comments

Comments (0)

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »