LIVE

सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय (एमओएसपीआई) ने विशेष अभियान 6 का सफलतापूर्वक समापन किया

सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय (एमओएसपीआई) ने 2 से 31 अक्टूबर 2026 तक आयोजित ‘विशेष अभियान 6’ का सफलतापूर्वक समापन कर लिया है। इस अभियान में विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में स्थित मंत्रालय  के स्थानीय कार्यालयों और साथ ही देश भर में फैले अधीनस्थ, संबद्ध तथा स्वायत्त कार्यालयों ने सक्रिय रूप से भाग लिया और उल्लेखनीय उपलब्धियां प्राप्त कीं।

अभियान के दौरान, निर्धारित नियमों के अनुसार स्वच्छता अभियान और अन्य संबंधित गतिविधियां आयोजित की गईं। एमओएसपीआई के सचिव की ओर से इस अभियान की प्रगति की नियमित रूप से निगरानी की गई और प्राप्त उपलब्धियों को ‘लंबित मामलों के निपटान के लिए विशेष अभियान’ (एससीडीपीएम) पोर्टल पर प्रतिदिन अपलोड किया गया।

विशेष अभियान 6.0 की प्रमुख उपलब्धियां

(i)  लंबित मामलों का निपटारा: मंत्रालय ने 48 लोक शिकायतों और 9 लोक शिकायत अपीलों का निपटारा किया। इसके अतिरिक्त, संसद सदस्यों (सांसदों) से प्राप्त संदर्भों और संसदीय आश्वासनों से जुड़े मामलों के समाधान और उनमें तेजी लाने के प्रयास भी किए गए।

(ii)  कुशल फाइल प्रबंधन: कुल 718 भौतिक फाइलों की समीक्षा की गई जिनमें से 433 फाइलों को हटा दिया गया। साथ ही, 1,607 ई-फाइलों की समीक्षा की गई और 1,522 ई-फाइलों को बंद कर दिया गया जिससे अभिलेख प्रबंधन और प्रशासनिक कार्यक्षमता में सुधार हुआ।

(iii)  स्थान प्रबंधन: स्थान प्रबंधन की प्रभावी पहलों के माध्यम से कार्यालय में कुल 1,982 वर्ग फुट स्थान खाली कराया गया।

(iv)  राजस्व सृजन: ई-कचरे और कबाड़ के निपटारे से 3,69,819 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ जिससे संसाधनों के समुचित उपयोग को बढ़ावा मिला।

(v)  स्वच्छता और पर्यावरण में सुधार: कार्यस्थल पर स्वच्छता और पर्यावरणीय स्थिरता को बढ़ावा देने के लिए 114 स्वच्छता अभियान चलाए गए।

(vi)  वृक्षारोपण अभियानः कार्यालय परिसर में स्वच्छ और हरित वातावरण को बढ़ावा देने के लिए वृक्षारोपण अभियान चलाए गए।

(vii)  हाउसकीपिंग स्टाफ के कठिन परिश्रम, समर्पण और कार्यस्थल को स्वच्छ, स्वास्थ्यकर तथा सुव्यवस्थित बनाए रखने में उनके अमूल्य योगदान को मान्यता देने और उनकी सराहना करने के लिए सम्मान समारोह आयोजित किया गया।

(viii)     सामग्रियों के पुनः उपयोग और पुनर्चक्रण की पहल को बढ़ावा देने के लिए क्षेत्रीय कार्यालयों में ‘वेस्ट टू आर्ट‘ (कचरे से कला) अभियान चलाए गए।

विशेष एक-दिवसीय कार्यक्रम

सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय ने इस अभियान के भाग के रूप में 7 अक्टूबर 2026 को पूरे मंत्रालय और इसके संबद्ध तथा अधीनस्थ कार्यालयों में विशेष ‘एक-दिवसीय स्वच्छता अभियान’ आयोजित किया। इन गतिविधियों में स्वच्छता और वृक्षारोपण अभियान, कचरे का पृथक्करण, ई-कचरा प्रबंधन और स्थान के समुचित उपयोग शामिल थे। क्षेत्रीय कार्य प्रभाग (एफओडी) ने देश भर में लगभग 53 स्थानों पर स्वच्छता गतिविधियां चलाईं जबकि अन्य कार्यालयों ने भी अपने-अपने स्थानों पर इसी प्रकार की पहल की।

‘विशेष अभियान 6’ का सफलतापूर्वक समापन, स्वच्छता, कुशल प्रशासन, पर्यावरणीय स्थिरता और लंबित मामलों के समयबद्ध निपटान के प्रति मंत्रालय की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

कचरे से कला

Comments

Comments (0)

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »