LIVE

संचार मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, ग्वालियर में दूरसंचार विनिर्माण क्षेत्र के लिए निवेश आकर्षित करने हेतु मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ बेंगलुरु में निवेशक बैठक आयोजित करेंगे


ग्वालियर में दूरसंचार विनिर्माण क्षेत्र में उद्योग की भागीदारी को मजबूत करने के लिए बेंगलुरु में कार्यक्रम आयोजित

एशिया का पहला दूरसंचार विनिर्माण क्षेत्र निवेश, नवाचार और रोजगार को गति देने का लक्ष्य रखता है; बेंगलुरु कार्यक्रम उद्योग की भागीदारी को और गहरा करेगा

संचार मंत्रालय के मातहत दूरसंचार विभाग (डीओटी), केंद्रीय संचार और उत्तर-पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्री श्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया के नेतृत्व में और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ मिलकर बेंगलुरु में एक निवेशक बैठक आयोजित कर रहा है। इसका उद्देश्य ग्वालियर, मध्य प्रदेश में स्थापित किए जा रहे एशिया के पहले दूरसंचार विनिर्माण क्षेत्र (Telecom Manufacturing Zone – TMZ) में उद्योग की भागीदारी को और मजबूत करना और यहां निवेश आकर्षित करना है। यह कार्यक्रम नई दिल्ली और मुंबई में आयोजित निवेशक बैठकों से हासिल की गई मजबूत निवेश गतिशीलता पर आधारित है।

बेंगलुरु निवेशक बैठक में दूरसंचार पारिस्थितिकी तंत्र से जुड़े प्रमुख दूरसंचार विनिर्माताओं, प्रौद्योगिकी कंपनियों, इलेक्ट्रॉनिक्स और घटक विनिर्माताओं, निवेशकों, बुनियादी ढांचा प्रदाताओं और अन्य प्रमुख हितधारकों को एक साथ लाया जाएगा। इस कार्यक्रम का फोकस निवेश अवसरों को सुनिश्चित करने, घरेलू विनिर्माण क्षमताओं को मजबूत करने, नवाचार को बढ़ावा देने और देश में वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी दूरसंचार विनिर्माण पारिस्थितिकी तंत्र बनाने पर रहेगा।

 दूरसंचार विनिर्माण प्रक्षेत्र (TMZ )के तहत निवेश को प्रोत्साहित करने और दूरसंचार विनिर्माण में भारत की हिस्सेदारी बढ़ाने के लिए एक अत्यंत आकर्षक प्रोत्साहन पैकेज की घोषणा की गई है। इस पैकेज को उद्योग की तरफ से मिले इनपुट के आधार पर तैयार किया गया है।

बेंगलुरु निवेशक बैठक दरअसल नई दिल्ली और मुंबई में आयोजित सफल निवेशक बैठकों के बाद आयोजित की जा रही है। नई दिल्ली और मुंबई में आयोजित निवेशक राउंडटेबल बैठकों के परिणामस्वरूप 5,500 करोड़ रुपये के निवेश प्रतिबद्धताएं प्राप्त हुई हैं, जिनसे लगभग 18,000 रोजगार अवसर सृजित होने की संभावना है।

बेंगलुरु कार्यक्रम से इस निवेश गतिशीलता को और मजबूत करने की उम्मीद है, जिसमें TMZ पहल को शहर के मजबूत प्रौद्योगिकी, इलेक्ट्रॉनिक्स, दूरसंचार और नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र से जोड़ा जाएगा। इस संवाद से उद्योग के नेताओं और निवेशकों को दूरसंचार विनिर्माण क्षेत्र के माध्यम से विनिर्माण, अनुसंधान और विकास, प्रौद्योगिकी साझेदारी, आपूर्ति श्रृंखला एकीकरण और रोजगार सृजन के अवसरों का पता लगाने का मौका मिलेगा।

दूरसंचार विनिर्माण क्षेत्र की स्थापना दूरसंचार क्षेत्र में आत्मनिर्भर भारत की दृष्टि को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह पहल घरेलू मूल्य श्रृंखलाओं को मजबूत करने, आयात पर निर्भरता कम करने, स्वदेशी डिजाइन और विनिर्माण को बढ़ावा देने, निर्यात में वृद्धि करने और भारत को दूरसंचार उत्पादों और अगली पीढ़ी की प्रौद्योगिकियों के लिए एक विश्वसनीय वैश्विक केंद्र के रूप में स्थापित करने का लक्ष्य रखती है।

सरकार ने भारत को दूरसंचार सेवा प्रदाता से वैश्विक दूरसंचार उत्पाद विनिर्माण और नवाचार केंद्र में बदलने की महत्वाकांक्षी दृष्टि निर्धारित की है। बेंगलुरु कार्यक्रम इस दृष्टि को मूर्त निवेश, विनिर्माण क्षमता, प्रौद्योगिकी नवाचार और रोजगार अवसरों में बदलने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है।

ग्वालियर स्थित दूरसंचार विनिर्माण क्षेत्र (TMZ) के बारे में

ग्वालियर में प्रस्तावित दूरसंचार विनिर्माण क्षेत्र (TMZ) को दूरसंचार विनिर्माण, अनुसंधान और विकास (R&D) और नवाचार के लिए एक एकीकृत 170 एकड़ प्लग-एंड-प्ले औद्योगिक क्लस्टर के रूप में परिकल्पित किया गया है। इसमें मोबाइल उपकरण, ऑप्टिकल फाइबर, दूरसंचार उपकरण और अगली पीढ़ी की 5G/6G प्रौद्योगिकियां शामिल होंगी।

हाल ही में हस्ताक्षरित समझौता ज्ञापनो (MoU) के तहत, केंद्र सरकार चरण-I के लिए 493 करोड़ रुपये की 100% वित्तपोषण सहायता प्रदान कर रही है, जबकि मध्य प्रदेश सरकार ने लगभग 170 एकड़ भूमि निःशुल्क प्रदान की है, साथ ही विभिन्न निवेशक प्रोत्साहन भी दिए हैं।

इस उद्देश्य के लिए एक विशेष प्रयोजन वाहन (Special Purpose Vehicle – SPV) की स्थापना की गई है, जिसमें मध्य प्रदेश सरकार की 51% इक्विटी और दूरसंचार विभाग की 49% इक्विटी है।

अधिक जानकारी के लिए DoT के सोशल मीडिया हैंडल फॉलो करें:

X (ट्विटर): https://x.com/DoT_India

इंस्टाग्राम: https://www.instagram.com/department_of_telecom?igsh=MXUxbHFjd3llZTU0YQ==

फेसबुक: https://www.facebook.com/DoTIndia

यूट्यूब: https://youtube.com/@departmentoftelecom?si=DALnhYkt89U5jAaa

Comments

Comments (0)

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »