LIVE

रक्षा मंत्रालय ने आईएनएस बेतवा पोत की सामान्य मरम्मत एवं पुनर्संचालन के लिए लगभग 500 करोड़ रुपये के अनुबंध पर हस्ताक्षर किए

रक्षा मंत्रालय ने भारतीय नौसेना के पोत आईएनएस बेतवा की सामान्य मरम्मत एवं पुनर्संचालन के लिए कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड के साथ 498.58 करोड़ रुपये के अनुबंध पर हस्ताक्षर किए हैं। इस अनुबंध पर 11 नवंबर, 2026 को नई दिल्ली में रक्षा सचिव श्री राजेश कुमार सिंह की उपस्थिति में हस्ताक्षर किए गए।

इस अनुबंध के तहत भारतीय नौसेना के ब्रह्मपुत्र श्रेणी के युद्धपोत आईएनएस बेतवा की प्रणोदन प्रणाली में व्यापक बदलाव किया जाएगा। इसके अंतर्गत पोत की मौजूदा भाप आधारित प्रणोदन प्रणाली को डीजल इंजन आधारित प्रणोदन प्रणाली से प्रतिस्थापित किया जाएगा। इस मरम्मत एवं नवीनीकरण कार्य में आधुनिक हथियार प्रणाली की स्थापना के माध्यम से पोत की युद्धक क्षमताओं को बढ़ाना भी शामिल होगा, जिससे इसकी परिचालन क्षमता और प्रभावशीलता में बढ़ोतरी होगी।

इस परियोजना से जहाजों की मरम्मत एवं रखरखाव से जुड़े स्वदेशी औद्योगिक तंत्र की क्षमताएं और सुदृढ़ होंगी। विशेष रूप से, इससे जटिल प्रणोदन प्रणाली में बदलाव तथा नौसैनिक प्लेटफॉर्म के आधुनिकीकरण के क्षेत्र में देश की तकनीकी और औद्योगिक क्षमताओं को बढ़ावा मिलेगा। इस परियोजना में 50 से अधिक सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) की भागीदारी होने की उम्मीद है। साथ ही, भारतीय जहाज निर्माण उद्योग और उससे जुड़े सहायक क्षेत्रों में रोजगार के पर्याप्त अवसर सृजित होंगे।

यह परियोजना सरकार के ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘मेक इन इंडिया’ के विजन को नई गति प्रदान करेगी तथा देश की स्वदेशी नौसैनिक पोत मरम्मत एवं रखरखाव क्षमताओं को और मजबूत करेगी।

Comments

Comments (0)

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »