केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) ने अंतरराज्यीय मादक पदार्थों के सिंथेटिक नेटवर्क के विरूद्ध एक बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के ताजोपुर औद्योगिक क्षेत्र में मेफेड्रोन (एमडी) का निर्माण करने वाली एक गुप्त प्रयोगशाला का भंडाफोड़ किया। यह कार्रवाई ऑपरेशन वज्र 3.0 के तहत की गई।
सीबीएन की मध्य प्रदेश इकाई द्वारा विकसित विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर, सीबीएन की मध्य प्रदेश इकाई और उत्तर प्रदेश इकाई की संयुक्त टीम ने 08.11.2026 को समन्वित कार्रवाई की और सिंथेटिक मादक पदार्थों के निर्माण में सक्रिय एक गुप्त प्रयोगशाला की सफलतापूर्वक पहचान कर उसका भंडाफोड़ किया।
इस कार्रवाई के दौरान प्रोसेसिंग के विभिन्न चरणों में 11.7 किलोग्राम मेफेड्रोन (एमडी) बरामद किया गया। टीम ने मेफेड्रोन के निर्माण में उपयोग होने वाले एक प्रमुख पूर्ववर्ती रसायन 20.9 किलोग्राम 2-ब्रोमो-4-मेथाइलप्रोपियोफेनोन को भी जब्त किया। इसके अतिरिक्त, 3.5 किलोग्राम एसिटिक एनहाइड्राइड तथा डाइक्लोरोमीथेन, हाइड्रोक्लोरिक एसिड, सोडियम बाइकार्बोनेट, सोडियम क्लोराइड और कार्बनिक अमीन सहित विभिन्न रसायनों, सॉल्वेंट एवं प्रोसेसिंग रिएजेंट की लगभग 119.9 किलोग्राम/लीटर मात्रा भी जब्त की गई।


| उत्पादन के विभिन्न चरणों में जब्त मेफेड्रोन |
इस कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से सिंथेटिक मादक पदार्थों के निर्माण में उपयोग होने वाले औद्योगिक ग्राइंडर और मिक्सर, स्टील के टैंक एवं पात्र, हीटिंग उपकरण, कांच के रिएक्शन एवं आसवन उपकरण, तापमान मापने वाले यंत्र, वोल्टेज बैलेंसर और अन्य उपकरणों सहित गुप्त प्रयोगशाला के संपूर्ण बुनियादी ढांचे को जब्त कर नष्ट कर दिया गया। इसके अतिरिक्त, व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (पीपीई) भी जब्त किए गए।


गुप्त मादक पदार्थ निर्माण प्रयोगशाला का ध्वस्तीकरण
इस कार्रवाई के दौरान अवैध निर्माण नेटवर्क में शामिल दो व्यक्तियों को एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के तहत गिरफ्तार किया गया। व्यापक अंतरराज्यीय नेटवर्क, पूर्ववर्ती रसायन के स्रोत, वित्तीय संबंधों और मादक पदार्थों के वितरण के संभावित माध्यमों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।
जब्ती और उसके बाद की समस्त कानूनी कार्रवाई एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के प्रावधानों तथा निर्धारित कानूनी प्रक्रियाओं के अनुसार की गई।
इस गुप्त प्रयोगशाला को ध्वस्त किए जाने से बड़ी मात्रा में अवैध मेफेड्रोन के आगे होने वाले निर्माण और वितरण को रोकने में मदद मिली है। साथ ही, इससे अंतरराज्यीय सिंथेटिक मादक पदार्थ नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।
वर्ष 2026 के दौरान अब तक केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) ने छह गुप्त प्रयोगशालाओं का भंडाफोड़ किया है। इन कार्रवाइयों में 130.2 किलोग्राम मेफेड्रोन (एमडी) और 1,465.4 किलोग्राम/लीटर पूर्ववर्ती रसायन जब्त किए गए हैं। इन मामलों के संबंध में 20 संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है।
यह कार्रवाई अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और साइकोट्रोपिक सब्सटांस के गुप्त निर्माण के विरूद्ध केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) की निरंतर सतर्कता, समर्पण और प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
सीबीएन गुप्त मादक पदार्थ निर्माण नेटवर्क को ध्वस्त करने, पूर्ववर्ती रसायनों के अवैध उपयोग एवं उनकी आपूर्ति को रोकने, अंतरराज्यीय तस्करी गिरोहों की पहचान कर उनकी गतिविधियों पर अंकुश लगाने, एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के प्रावधानों को लागू करने तथा नशा मुक्त भारत, विकसित भारत के राष्ट्रीय मिशन में योगदान देने के अपने प्रयासों के प्रति प्रतिबद्ध है।
Comments (0)