LIVE

रक्षा लेखा विभाग अपना 279वां वार्षिक दिवस मनाएगा


रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह विभाग के विभिन्न प्रकाशनों और आईटी पहलों की शुरुआत करेंगे

रक्षा लेखा विभाग (डीएडी) 1 अक्टूबर, 2026 को नई दिल्ली में अपना 279वां वार्षिक दिवस मनाएगा। रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह डीआरडीओ भवन के डॉ. डी.एस. कोठारी सभागार में इसके मुख्‍य समारोह में भाग लेंगे।

इस अवसर पर रक्षा मंत्री डीएडी की विभिन्न आईटी पहलों की शुरुआत करेंगे। इनमें विभाग के सक्षम प्लेटफॉर्म के साथ भारतीय सेना वित्तीय सूचना प्रणाली (आईएएफआईएस) का एकीकरण, रक्षा मंत्रालय के लिए संशोधित राष्ट्रीय संकलन प्रणाली (एनसीएस) और रक्षा मंत्रालय में ट्रेजरी-एकल खाता भुगतान शुरू करने के लिए भुगतान रूटिंग और एकीकृत प्रणाली प्रबंधन (पीआरआईएसएम) प्लेटफॉर्म शामिल हैं।

रक्षा मंत्री रक्षा व्यय पर व्यापक सांख्यिकीय पुस्तिका (सीओएसएचई) 2026, रक्षा लेखा भारती, विभाग की इन-हाउस हिंदी पत्रिका और मार्केट इंटेलिजेंस रिपोर्ट 2025-2026 सहित कई प्रकाशनों का भी विमोचन करेंगे।

इस अवसर पर प्रमुख रक्षा पेंशन प्रणाली पर एक लघु फिल्म – स्पर्श (सिस्टम फॉर पेंशन एडमिनिस्ट्रेशन (रक्षा)) भी जारी की जाएगी। इसके अलावा, रक्षा मंत्रालय और डीएडी की प्रमुख पहलों को लागू करने में उनके अनुकरणीय प्रदर्शन और योगदान के लिए विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को उत्कृष्टता के लिए रक्षा मंत्री पुरस्कार 2026 प्रदान किए जाएंगे।

1747 में सैन्य पे मास्टर की नियुक्ति के साथ अपनी स्‍थापना के बाद रक्षा लेखा विभाग रक्षा बलों और रक्षा मंत्रालय की बदलती आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए लगातार विकसित हुआ है। इन वर्षों में डीएडी ने आंतरिक लेखा परीक्षा, लेखा, वित्तीय सलाह और रक्षा पेंशन प्रबंधन के क्षेत्रों में सेवाएं प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

Comments

Comments (0)

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »