LIVE

प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी ने कर्नाटक के बेंगलुरु में प्रशांति कुटीरम के स्वर्ण जयंती समारोह में भाग लिया


हम श्रद्धेय एच. वी. शेषाद्रि जी की जन्म शताब्दी मना रहे हैं, जिन्होंने अपना संपूर्ण जीवन ‘चरित्र निर्माण के माध्यम से राष्ट्र निर्माण’ के मिशन को आगे बढ़ाने के लिए समर्पित कर दिया: प्रधानमंत्री

पिछले 12 वर्षों के दौरान भारत पूरे आत्मविश्वास के साथ विश्व के समक्ष अपनी संस्कृति, पहचान, ज्ञान और विज्ञान को प्रस्तुत कर रहा है; यह भारत की पहल का ही परिणाम है कि आज पूरा विश्व अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाता है: प्रधानमंत्री

योगासन को अब आधिकारिक रूप से प्रतिस्पर्धात्मक खेल के रूप में मान्यता मिल गई है और इसे खेलो इंडिया तथा राष्ट्रीय खेलों जैसे आयोजनों में स्थान मिला है; इससे योग साधकों के लिए प्रतिस्पर्धात्मक प्रतियोगिताओं में भाग लेने के नए अवसर खुले हैं: प्रधानमंत्री

हमने आयुर्वेद अनुसंधान और आयुर्वेद आधारित पेटेंट को प्रोत्साहित किया है और आज इसके परिणाम हमारे सामने हैं; भारत से आयुष एवं हर्बल उत्पादों का निर्यात लगातार बढ़ रहा है: प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज कर्नाटक के बेंगलुरु में प्रशांति कुटीरम् के स्वर्ण जयंती समारोह में भाग लिया। प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कन्नड़ भाषा में सभी का अभिवादन किया और बेंगलुरु में योग की अद्भुत ऊर्जा का अनुभव करने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि कर्नाटक सदियों से योग का प्रमुख केंद्र रहा है और यहां अनेक ऐसे आचार्यों एवं विद्वानों ने जन्म लिया है, जिन्होंने योग की परंपरा को समृद्ध बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। प्रधानमंत्री ने कन्नड़ सिनेमा के दिग्गज और प्रसिद्ध अभिनेता डॉ. राजकुमार के योगदान को भी याद किया। श्री मोदी ने कहा, “यहां ऐसे योग साधक भी रहे हैं, जिन्होंने कला जगत से जुड़े होने के साथ-साथ योग की सेवा भी की।”

प्रधानमंत्री ने कर्नाटक की समृद्ध विरासत के बीच प्रशांति कुटीरम की 50 वर्षों की यात्रा को सेवा और समर्पण की एक असाधारण गाथा बताया, जिसके बारे में प्रत्येक नागरिक को जानना चाहिए। उन्होंने एक साधारण केंद्र से एक व्यापक जनआंदोलन के रूप में इसके विकसित होने की यात्रा को रेखांकित किया। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा, “एक साधारण योग केंद्र किस प्रकार इतने व्यापक आंदोलन में परिवर्तित हुआ, यह अपने आप में प्रेरणादायक है।”

प्रधानमंत्री ने इस महत्वपूर्ण अवसर पर परिसर में कई नई सुविधाओं के उद्घाटन का उल्लेख करते हुए एस-व्यास परिवार को उनकी निरंतर जारी पहलों के लिए शुभकामनाएं दीं। श्री मोदी ने कहा, “मैं आप सभी को और प्रशांति कुटीरम से जुड़े लाखों साधकों को स्वर्ण जयंती की हार्दिक बधाई देता हूं।”

प्रधानमंत्री ने इस वर्ष प्रशांति कुटीरम की स्वर्ण जयंती के साथ मनाई जा रही एच. वी. शेषाद्रि जी की जन्म शताब्दी के अवसर पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि शेषाद्रि जी ने अपना संपूर्ण जीवन ‘चरित्र निर्माण के माध्यम से राष्ट्र निर्माण’ के मिशन के लिए समर्पित कर दिया था। उनका मानना था कि देश को सफलता के शिखर तक पहुंचाने के लिए समर्पित, सक्षम और अनुशासित नागरिकों का होना आवश्यक है।

एच. वी. शेषाद्रि जी की सादगी, बहुआयामी व्यक्तित्व, व्यापक अनुभव और दूसरों को आगे बढ़ाने, लोगों को एकजुट करने तथा उन्हें राष्ट्रसेवा के लिए तैयार करने के उद्देश्य से स्वयं पर्दे के पीछे रहकर कार्य करने की उनकी विनम्रता को याद करते हुए प्रधानमंत्री ने एक उदाहरण साझा किया। उन्होंने बताया कि शेषाद्रि जी अक्सर उस मां का उदाहरण देते थे, जो अपने बच्चे के पालन-पोषण और उसकी सेवा के लिए निस्वार्थ भाव से पूरी रात जागती रहती है। श्री मोदी ने कहा, “यदि हम इसी भावना का विस्तार समाज के प्रति अपने व्यवहार में करें, तो इससे समाज का बहुत बड़ा कल्याण हो सकता है।”

यह देखते हुए कि एच.वी. शेषाद्रि ने एक मां की पवित्रता और निस्वार्थता के साथ समाज की सेवा की, प्रधानमंत्री ने शेषाद्रि जी का स्नेह और मार्गदर्शन लगातार प्राप्त करने में अपना सौभाग्य व्यक्त किया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “उनके साथ बिताए गए समय की यादें और उनके शब्द आज भी मेरे लिए अत्‍यंत बहुमूल्‍य हैं।

“एच.वी. शेषाद्रि की एक और अविस्मरणीय शिक्षा को याद करते हुए, कि जब कोई दोनों हाथों से समाज को देता है, तो समाज उसे लाखों हाथों से वापस देता है, प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने इस सत्य को अपने जीवन में बार-बार फलते देखा है। श्री मोदी ने कहा, “जनसेवा के दौरान मुझे सदैव उनका आशीर्वाद प्राप्त होता रहा है और यह मेरे जीवन की अमूल्य धरोहर है।”

प्रधानमंत्री ने कहा कि निस्वार्थ सेवा की यही भावना एच.वी. शेषाद्रि के परिवार में परिलक्षित होती है। उन्‍होंने समर्पित कार्यों के माध्यम से अपने मिशन को आगे बढ़ाने के लिए डॉ. एच. आर. नागेंद्र और डॉ. आर. नागरत्ना की सराहना की। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा, “मैं उनके हर प्रयास की सराहना भी करता हूं और उन्हें बधाई भी देता हूं। 

उस युग का स्‍मरण करते हुए जब भारत औपनिवेशिक शासन की बेड़ियों में बंधा हुआ था और लाखों स्वतंत्रता सेनानियों ने स्‍वाधीनता के लिए लड़ाई लड़ी थी, प्रधानमंत्री ने राष्ट्र की आध्यात्मिक चेतना को जागृत करने में स्वामी विवेकानंद जैसे राष्ट्रीय ऋषियों द्वारा निभाई गई समानांतर भूमिका पर प्रकाश डाला। श्री मोदी ने कहा, “उन्होंने भारत के युवाओं को योग का मार्ग दिखाया।

प्रधानमंत्री श्री मोदी ने उल्‍लेख किया कि स्वामी विवेकानंद जैसे संतों से प्रेरणा लेने से प्रशांति कुटीरम और एस-व्यास जैसे संस्थान अस्तित्‍व में आए, जिन्होंने न केवल जनता को योग से जोड़ा, बल्कि आधुनिक वैज्ञानिक अनुसंधान भी किया। इन संस्‍थानों ने विश्व स्तर पर सेवा करने वाले चिकित्सकों, शिक्षकों, डॉक्टरों और दार्शनिकों को प्रशिक्षित किया और योग, आयुर्वेद, प्राकृतिक चिकित्सा और आधुनिक चिकित्सा को एकीकृत करते हुए एक समग्र कल्याण इकोसिस्टम का निर्माण किया। प्रधानमंत्री ने तनाव और जीवन शैली से जुड़ी बीमारियों पर उनके शोध की प्रशंसा की। उन्‍होंने कहा, “इस दिशा में किए गए शोध कार्य ने समस्‍त विश्‍व की सेवा की है और मैं इन प्रयासों के लिए प्रशांति कुटीरम की सराहना करता हूं।

प्रधानमंत्री श्री मोदी ने इस बात पर बल देते हुए कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने अपनी संस्कृति, पहचान और वैज्ञानिक विरासत को पूर्ण विश्वास के साथ दुनिया के सामने प्रस्तुत किया है। अब करोड़ों प्रतिभागियों के साथ ऑस्ट्रेलिया, अफ्रीका और अमेरिका में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है और दुनिया भर के स्कूलों, संस्थानों और कार्यस्थलों में योग का प्रवेश हुआ है। प्रधानमंत्री ने कहा कि सऊदी अरब ने योग को एक खेल गतिविधि के रूप में मान्यता दी है और वहां के खेल मंत्रालय ने भारत के आयुष मंत्रालय के साथ एक समझौते पर हस्ताक्षर  किए हैं। श्री मोदी ने कहा, “योग को बढ़ावा देने वाले विदेशी नागरिकों के उदाहरण लगातार सामने आते हैं और देश भी उन्हें पद्म श्री से सम्मानित करके उनका गौरव बढ़ा रहा है।

प्रधानमंत्री श्री मोदी ने उल्‍लेख किया कि योग के साथ बढ़ती वैश्विक घनिष्‍टता भारत के बारे में जिज्ञासा और इसकी संस्कृति और पारंपरिक ज्ञान के प्रति आकर्षण को जगाती है और सामूहिक प्रयास के माध्यम से वैश्विक जुड़ाव के नए रास्ते खोलती है। प्रधानमंत्री ने आयुर्वेद के समानांतर अंतर्राष्ट्रीय विस्तार पर भी प्रकाश डाला। उन्‍होंने कहा, “दुनिया के विभिन्न देशों में, 150 से अधिक आयुर्वेद प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों को मान्यता दी गई है और आयुर्वेद के विस्तार में सहयोग के लिए, दुनिया के 28 देशों के साथ समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए गए हैं।

उन्‍होंने कहा कि सरकार ने योग को बढ़ावा देने के साथ-साथ कई नियमों में संशोधन किया है ताकि योग और आयुर्वेद का लाभ प्रत्येक नागरिक तक पहुंचे। प्रधानमंत्री ने रेखांकित किया कि योगासन को भारत में एक प्रतिस्पर्धी खेल के रूप में मान्यता दी गई है और खेलो इंडिया और राष्ट्रीय खेलों में एक समर्पित स्थान दिया गया है। श्री मोदी ने बल देकर कहा, “यह बदलाव भारत के लिए बहुत महत्वपूर्ण है, क्योंकि योग से जुड़े लोगों के लिए प्रतिस्पर्धी टूर्नामेंटों में भाग लेने के रास्ते भी खुल गए हैं।

प्रधानमंत्री ने एक समर्पित आयुष मंत्रालय के निर्माण और आयुर्वेदिक अनुसंधान और पेटेंट के लिए सहायता के माध्यम से सरकार द्वारा आयुर्वेद को निरंतर बढ़ावा देने का उल्‍लेख किया और कहा कि बढ़ते हर्बल निर्यात और घरों में पीढ़ियों से उपयोग की जाने वाली भारतीय हल्दी की बढ़ती वैश्विक मांग के साथ-साथ आयुष अर्थव्यवस्था को लाखों करोड़ रुपये तक पहुंचा दिया है। उन्‍होंने हल्दी के निर्यात को बढ़ावा देने के लिए संस्थागत कदमों पर भी प्रकाश डाला। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा, “हल्दी के उत्पादन, गुणवत्ता और निर्यात को नई शक्ति देने के लिए, हमने एक राष्ट्रीय हल्दी बोर्ड का भी गठन किया है।

प्रधानमंत्री ने भारत के प्राचीन विज्ञान और आधुनिक अनुसंधान के लाभों को युवाओं के लिए अवसर उत्‍पन्‍न करते हुए मानवता के साथ साझा करने की आवश्यकता पर जोर दिया। प्रधानमंत्री ने विदेशी चिकित्सा आगंतुकों के लिए यात्रा को सुगम बनाने के लिए ई-आयुष वीजा सुविधा के शुभारंभ और जामनगर में डब्ल्यूएचओ ग्लोबल ट्रेडिशनल मेडिसिन सेंटर की स्थापना की ओर इंगित किया। श्री मोदी ने कहा, “इसके माध्यम से, पारंपरिक चिकित्सा में अनुसंधान और अंतर्राष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि 140 करोड़ देशवासी विकसित भारत के निर्माण की दिशा में कार्य कर रहे हैं। उन्होंने विश्व बैंक की नवीनतम रिपोर्ट का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके अनुसार, पिछले 12 से 13 वर्षों में लगभग 50 करोड़ भारतीय अत्यधिक गरीबी से बाहर आए हैं। प्रधानमंत्री ने परिवारों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने और योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए प्रशांति कुटीरम से नए प्रयास करने का आह्वान किया। उन्होंने संस्थान से भविष्य के नए लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए एक रोडमैप तैयार करने का भी आग्रह किया। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा, “इससे प्रशांति कुटीरम को भी युवा ऊर्जा का लाभ मिलेगा और देश भी लाभान्वित होगा।”

Comments

Comments (0)

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »