LIVE

एंथनी चेन की फ़िल्म ‘वी आर ऑल स्ट्रेंजर्स’ के साथ 57वें आईएफएफआई का होगा भावपूर्ण समापन


वी आर ऑल स्ट्रेंजर्स: प्रेम, परिवार और पीढ़ियों से परे जाने वाले रिश्तों की एक संवेदनशील पड़ताल; वर्ष 2026 में बर्लिन, मेलबर्न और हेलसिंकी के अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सवों में समीक्षकों की सराहना और दर्शकों की शानदार प्रतिक्रिया प्राप्त की

भारत के 57वें अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई-इफ्फी) का समापन सिंगापुर के प्रसिद्ध फिल्म निर्माता एंथनी चेन की प्रभावशाली फीचर फिल्म ‘वी आर ऑल स्ट्रेंजर्स’ के प्रदर्शन के साथ होगा। वर्ष 2026 में निर्मित ये सिंगापुर की फिल्म इस महोत्सव (इफ्फी) की समापन फिल्म होगी। यह फिल्म दर्शकों को मानवीय संबंधों, पारिवारिक रिश्तों और समकालीन जीवन की जटिलताओं की संवेदनशील सिनेमाई पड़ताल का अनुभव कराएगी।

समकालीन सिंगापुर की जीवंत पृष्ठभूमि पर आधारित ‘वी आर ऑल स्ट्रेंजर्स’ की कहानी 21 वर्षीय जुनयांग के इर्द-गिर्द घूमती है। उसकी बेफिक्र जिंदगी में उस समय अचानक बदलाव आ जाता है, जब उसके रिश्ते में एक अप्रत्याशित मोड़ उसे और उसकी प्रेमिका को कल्पना से कहीं पहले वयस्क जीवन की जिम्मेदारियों और गम्भीरताओं का सामना करने के लिए विवश कर देता है। इसी दौरान जुनयांग के मेहनती पिता के जीवन में एक जिंदादिल महिला का आगमन पिता और पुत्र के बीच के अनकहे संतुलन को धीरे-धीरे बदल देता है। प्रभावशाली अभिनय से सजी यह फिल्म इन दोनों समानांतर जीवन यात्राओं को एक दूसरे से  जोड़ती है। इसमें दोनों पीढ़ियां प्रेम, बिछोह और जवाबदेही की परिस्थितियों से गुजरते हुए  परिवार की परिभाषा को नए सिरे से गढ़ती हैं। साथ ही, यह फिल्म उन पारिवारिक रिश्तों की नाजुक डोर को भी रेखांकित करती है, जो हमें विरासत में मिलते हैं और उन लोगों से बनते हैं जिन्हें हम स्वयं अपने जीवन में चुनते हैं।

‘वी आर ऑल स्ट्रेंजर्स’ एंथनी चेन की चर्चित ‘ग्रोइंग अप’ त्रयी की नवीनतम कड़ी है। ये फिल्म उनकी उस संवेदनशील और सूक्ष्म अवलोकन पर आधारित कहानी कहने की शैली को आगे बढ़ाती है, जिसके लिए उन्हें अपनी पहली फिल्म ‘इलो इलो’ (2013) के लिए कान्स फिल्म महोत्सव में कैमेरा डी’ओर पुरस्कार मिला था इसके बाद उनकी फिल्म ‘वेट सीजन’ ने भी इसी सिनेमाई परंपरा को आगे बढ़ाया। गोवा में प्रदर्शन से पहले यह फिल्म वर्ष 2026 के  बर्लिन अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में प्रदर्शित की गई थी। साथ ही, इसे मेलबर्न और हेलसिंकी अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सवों में भी सराहना मिली।

भारत सरकार के सूचना और प्रसारण मंत्रालय और राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम (एनएफडीसी) द्वारा एंटरटेनमेंट सोसाइटी ऑफ गोवा (ईएसजी) के सहयोग से 57वां इफ्फी (आईएफएफआई) 20 से 28 नवंबर 2026 तक पणजी में आयोजित किया जाएगा। इस वर्ष ये  महोत्सव ‘सीमाओं से परे कहानियां’ की थीम के तहत मनाया जाएगा। इस महोत्सव में दुनियाभर की विविध सिनेमाई अभिव्यक्तियों और कहानियों को एक मंच पर लाया जाएगा।

Comments

Comments (0)

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »