भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (टीआरएआई) ने आज ‘नेटवर्क अनुभव प्लेटफॉर्म’ का शुभारंभ किया है। यह एक भू-स्थानिक और विश्लेषणात्मक डैशबोर्ड है। इसमें उपयोगकर्ता टेस्ट डेटा और टीआरएआई के स्वतंत्र ड्राइव टेस्ट डेटा को शामिल किया गया है। साथ ही, इसमें डीएनडी (डू नॉट डिस्टर्ब) वेब इंटरफेस की सुविधा भी दी गई है। उपयोगकर्ता टेस्ट डेटा में टीआरएआई के ‘माईस्पीड’ और ‘माईकॉल’ ऐप्स से प्राप्त जांच परिणाम शामिल हैं। यह प्लेटफॉर्म उपभोक्ताओं, सेवा प्रादाताओं और टीआरएआई को नेटवर्क के विभिन्न पैमानों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान करता है।
भू-स्थानिक मानचित्र की मुख्य विशेषताएं
भू-स्थानिक मानचित्र की सहायता से उपभोक्ता ये काम कर सकते हैं:-
- जांच के परिणामों को सेल्युलर या फिक्स्ड ब्रॉडबैंड के रूप में वर्गीकृत करके देख सकते हैं। इन्हें सेवा प्रदाताओं और तकनीक के आधार पर भी अलग-अलग किया गया है, जिसमें डाउनलोड और अपलोड गति जैसे पैमाने शामिल हैं।
- उपयोगकर्ताओं द्वारा किए गए जांच के स्थानों और उनके वितरण को देखने के लिए मानचित्र को नेविगेट और ज़ूम किया जा सकता है।
- दिखाए गए परिणामों को समझने के लिए फ़िल्टर, लीजेंड, सहायक टेबल और डाउनलोड की जा सकने वाली रिपोर्ट का उपयोग किया जा सकता है।
यह प्लेटफ़ॉर्म किसी दिए गए क्षेत्र में उपयोगकर्ताओं द्वारा किए गए परीक्षणों से गणना किए गए परसेंटाइल मानों की रिपोर्ट देता है:
- पी-50 (मीडियन स्पीड): आधे टेस्ट में स्पीड इस मान के बराबर या उससे अधिक दर्ज की गई।
- पी-80 (मोबाइल ब्रॉडबैंड के लिए): 80 प्रतिशत टेस्ट में स्पीड इस मान के बराबर या उससे अधिक दर्ज की गई।
- पी-90 (फिक्स्ड ब्रॉडबैंड के लिए): 90 प्रतिशत टेस्ट में स्पीड इस मान के बराबर या उससे अधिक दर्ज की गई।
Comments (0)