LIVE

“युवा शक्ति विकसित भारत की ताकत है”: डॉ. मनसुख मांडविया

युवाओं की भागीदारी को पहचान, अवसर और नेतृत्व में बदलने के लिए माय भारत में अंक, पुरस्कार और मान्यता (पीआरआर) तंत्र

केन्द्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय मेरा युवा भारत (माय भारत) के माध्यम से स्वयंसेवा, अनुभवात्मक शिक्षा, युवा विकास पहलों और अन्य राष्ट्र निर्माण गतिविधियों में युवाओं की निरंतर भागीदारी को मान्यता देने और प्रोत्साहित करने के लिए एमवाई भारत पोर्टल पर एक अंक, पुरस्कार और मान्यता (पीआरआर) तंत्र को कार्यान्वित कर रहा है।

केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने राष्ट्र निर्माण प्रक्रिया में युवाओं की भागीदारी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा, “युवा शक्ति विकसित भारत की ताकत है। मोदी सरकार ‘माय भारत’ के पीआरआर तंत्र के माध्यम से युवाओं की भागीदारी को पहचान, अवसर और नेतृत्व में बदल रही है।”

पीआरआर तंत्र एक संरचित प्रणाली प्रस्तुत करता है जिसके माध्यम से युवाओं को माय भारत पोर्टल पर उनकी सक्रिय भागीदारी के माध्यम से अर्जित अंकों के आधार पर मान्यता, पुरस्कार और अवसर प्राप्त होंगे। इस पहल का उद्देश्य युवाओं को स्वयंसेवा, अनुभवात्मक शिक्षा, नागरिक सहभागिता और युवा विकास गतिविधियों में निरंतर भागीदारी के लिए प्रेरित करना है, साथ ही उन्हें उच्च लक्ष्यों की ओर बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना है।

इस व्यवस्था के तहत, 1,000 अंक प्राप्त करने वाले युवाओं को माय भारत प्रभाग के निदेशक द्वारा हस्ताक्षरित एक औपचारिक माय भारत मान्यता पत्र दिया जाएगा। 2,500 अंक प्राप्त करने पर, पात्र प्रतिभागियों को माय भारत के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से सम्मानित किया जाएगा, बशर्ते उनके नाम, फोटो और माय भारत आईडी का प्रकाशन सहमति के आधार पर किया जाए।

5,000 अंक प्राप्त करने वाले युवाओं को माय भारत पोर्टल पर बने एक विशेष माय भारत डिजिटल हॉल ऑफ फेम में शामिल किया जाएगा। हॉल ऑफ फेम में उपलब्धि हासिल करने वाले का नाम, माय भारत आईडी, फोटो और सार्वजनिक प्रोफाइल से ली गई संक्षिप्त जानकारी प्रदर्शित की जाएगी। उचित सुरक्षा उपायों के अधीन, अन्य उपयोगकर्ताओं के लिए उपलब्धि हासिल करने वालों को संदेश भेजने की सुविधा पर भी विचार किया जा सकता है।

इस व्यवस्था के तहत उच्च उपलब्धियों पर उत्तरोत्तर बढ़ते पुरस्कार दिए जाते हैं। 7,500 अंक प्राप्त करने वाले युवाओं को ‘मोदी@20’ नामक हार्डकवर पुस्तक मिलेगी। 10,000 अंक प्राप्त करने वाले युवा, विलियम डेलरिम्पल द्वारा लिखित ‘द गोल्डन रोड: हाउ एन्शिएंट इंडिया ट्रांसफॉर्म्ड द वर्ल्ड’ की हस्ताक्षरित हार्डकवर प्रति प्राप्त करने के पात्र होंगे, जिस पर युवा कार्यक्रम एवं खेल राज्य मंत्री के हस्ताक्षर होंगे। 20,000 अंक प्राप्त करने पर, पात्र प्रतिभागियों को डीके द्वारा लिखित ‘ट्रेजर्स ऑफ इंडिया: फ्रॉम एंटीक्विटी टू मॉडर्निटी’ की हस्ताक्षरित हार्डकवर प्रति मिलेगी, जिस पर केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री के हस्ताक्षर होंगे।

पीआरआर तंत्र के अंतर्गत उच्चतर उपलब्धियों का उद्देश्य युवा प्रतिभाओं को वरिष्ठ नेतृत्व के साथ प्रत्यक्ष संवाद के अवसर प्रदान करना है। 50,000 अंक प्राप्त करने पर, पात्र युवाओं को आगामी विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद (वीबीवाईएलडी) या किसी अन्य उपयुक्त प्रमुख युवा सहभागिता कार्यक्रम के दौरान युवा कार्यक्रम एवं खेल राज्य मंत्री से मिलने का अवसर मिलेगा। पात्र प्रतिभाओं की पहचान पोर्टल से की जाएगी और उनके विवरण का सत्यापन एमवाई भारत मुख्यालय द्वारा किया जाएगा।

1,00,000 अंकों के उच्चतम प्रस्तावित लक्ष्य पर, पात्र युवाओं को आगामी विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद (वीबीवाईएलडी के दौरान केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री से मिलने का अवसर मिलेगा। चयनित युवाओं की पहचान माय भारत पोर्टल के माध्यम से की जाएगी और उनके विवरण का सत्यापन माय भारत मुख्यालय करेगा। 50,000 और 1,00,000 अंक प्राप्त करने वाले युवाओं के अभिनंदन समारोह का शुभारम्भ अक्टूबर 2027 से प्रस्तावित है।

पीआरआर तंत्र एक प्रगतिशील मार्ग स्थापित करता है जो औपचारिक मान्यता और डिजिटल दृश्यता से शुरू होकर मूर्त पुरस्कारों और राष्ट्रीय युवा नेतृत्व मंचों से जुड़ने के अवसरों तक विस्तारित होता है। इस पहल के माध्यम से, माय भारत देश के युवाओं में सहभागिता, सेवा और नेतृत्व की एक सतत संस्कृति का निर्माण करना चाहता है।

यह पहल “समर्थ युवा, विकसित भारत” की सोच को मजबूत करती है। इस पहल में यह माना जाता है कि सक्रिय और सशक्त युवा भारत के एक विकसित राष्ट्र बनने की यात्रा में केंद्रीय भूमिका निभाते हैं। व्यक्तिगत योगदान को मान्यता देकर और आगे की भागीदारी के अवसर सृजित करके पीआरआर तंत्र में युवा नागरिकों को माय भारत के माध्यम से नेतृत्व, सामुदायिक सेवा और राष्ट्र निर्माण की अपनी यात्रा जारी रखने का मौका मिलेगा।

Comments

Comments (0)

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »