तैयारी चरण 15 से 30 सितंबर तक चल रहा है; कार्यान्वयन चरण 2 से 31 अक्टूबर 2026 तक चलेगा
युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय का युवा कार्यक्रम विभाग 2 से 31 अक्टूबर 2026 तक ‘विशेष अभियान 6.0’ के कार्यान्वयन की तैयारी कर रहा है। लंबित मामलों के निपटारे के लिए यह विशेष अभियान 2021 से हर साल आयोजित किया जा रहा है। इसका मकसद सरकारी कार्यालयों में स्वच्छता को संस्थागत बनाना, लंबित मामलों को कम करना, रिकॉर्ड प्रबंधन को मजबूत करना, ई-कचरे के जिम्मेदार निपटान को बढ़ावा देना और कार्यालय की जगह का बेहतर इस्तेमाल सुनिश्चित करना है।
‘विशेष अभियान 6.0’ में “ई-कचरे को सही ढंग से इकट्ठा करने, छंटाई करने और निपटाने” पर विशेष जोर दिया जाएगा। यह अभियान दो चरणों में चलाया जा रहा है: तैयारी का चरण 15 से 30 सितंबर 2026 तक और इसके बाद इसे लागू करने का चरण 2 से 31 अक्टूबर 2026 तक।
तैयारी चरण के दौरान, विभाग प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ), वीआईपी, राज्य सरकारों से मिले लंबित मामलों और संसद में दिए गए आश्वासनों से जुड़े मामलों की पहचान कर रहा है। विभाग उन बेकार सामानों की मात्रा का भी आकलन कर रहा है, जिन्हें हटाया जाना है और उन्हें हटाने की प्रक्रिया को अंतिम रूप दे रहा है। अभियान के मुख्य उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए, पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के दिशानिर्देशों के अनुसार ई-कचरे को प्रभावी ढंग से इकट्ठा करने और छांटने के उपाय भी किए जा रहे हैं, और कार्यान्वयन चरण के लिए लक्ष्य तय किए जा रहे हैं।
तैयारी चरण में विभाग और उसके संगठनों में रिकॉर्ड प्रबंधन और जगह के प्रबंधन के तरीकों को बेहतर बनाने पर भी ध्यान दिया जा रहा है। इन उपायों का उद्देश्य बेकार सामानों को व्यवस्थित तरीके से हटाना, कार्यालय की उपलब्ध जगह का सही इस्तेमाल करना तथा स्वच्छता व संसाधनों के प्रबंधन से जुड़ी संस्थागत प्रक्रियाओं को मजबूत करना है।
विभाग ने पहले ही ई-कचरे के प्रभावी प्रबंधन और रिकॉर्ड के डिजिटलीकरण की दिशा में कदम उठाए हैं। शास्त्री भवन से संग्रह किये गये ई-कचरे की नीलामी दिसंबर 2025 में की गई थी, जिससे ₹2,35,100 की आय अर्जित की गयी। इसके अलावा, दस्तावेज युक्त फाइलों और रिकॉर्ड की स्कैनिंग और डिजिटलीकरण का काम जनवरी 2026 में पूरा हो गया।
पिछले वर्षों की उपलब्धियों को आगे बढ़ाते हुए, युवा कार्यक्रम विभाग अपने संबद्ध कार्यालयों, क्षेत्रीय कार्यालयों सहित अधीनस्थ कार्यालयों और स्वायत्त निकायों के साथ, ‘विशेष अभियान 6.0’ शुरू करने के लिए पूरी तरह तैयार है। विभाग स्वच्छता के तरीकों को मजबूत करने, लंबित मामलों को कम करने, रिकॉर्ड और जगह के प्रबंधन को बेहतर बनाने और ई-कचरे के जिम्मेदार प्रबंधन और निपटान को सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
Comments (0)