LIVE

व्यावसायिक जोखिम से सुरक्षित आजीविका तक


नमस्ते योजना के माध्यम से सम्मान का एक नया अध्याय

श्री सुब्रमणियन (बदला हुआ नाम) की यात्रा दर्शाती है कि सफाई कर्मचारियों के लिए व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य सुरक्षा एवं आजीविका सुरक्षा सुनिश्चित करना कितना महत्वपूर्ण है।

नमस्ते योजना के माध्यम से, सुरक्षा सामग्रियों की उपलब्धता एवं जागरूकता प्रशिक्षण ने उन्हें अधिक आत्मविश्वास, बेहतर स्वास्थ्य एवं सम्मान के साथ अपना काम जारी रखने में मदद की है। उनका अनुभव दर्शाता है कि किस प्रकार से नमस्ते योजना के अंतर्गत किए गए लक्षित प्रयास, स्वच्छता कर्मियों को काम करने की सुरक्षित परिस्थितियों की प्राप्ति, आजीविका के बेहतर अवसरों और ज्यादा सम्मानजनक भविष्य प्राप्त करने में योगदान देते हैं।

60 वर्षीय श्री सुब्रमण्यन पुडुचेरी नगर पालिका के सफाई कर्मचारी हैं और अनुसूचित जाति समुदाय से आते हैं। उन्होंने सीवर एवं सेप्टिक टैंक की सफाई जैसे कठिन काम में 15 वर्षों से अधिक समय तक अपनी सेवा प्रदान की है। अपने काम के दौरान, उन्हें प्रायः खतरनाक स्थितियों का सामना करना पड़ा और अक्सर उनके पास सुरक्षा के लिए जरूरी उपकरण या काम से जुड़ी सुरक्षा प्राप्त नहीं हुई। खतरनाक कचरे के लगातार संपर्क में रहने के कारण उन्हें बार-बार त्वचा संबंधी संक्रमण एवं सांस लेने में तकलीफ का सामना करना पड़ा जिसके कारण उनके नियमित रूप से काम करने एवं स्वस्थ रहने की क्षमता पर बुरा असर पड़ा।

श्री सुब्रमण्यन के परिवार में चार सदस्य हैं और वह घर अकेले कमाने वाले व्यक्ति हैं। उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के कारण परिवार पर काफी आर्थिक बोझ बढ़ गया। बार-बार होने वाले चिकित्सा खर्चों ने परिवार के सीमित संसाधनों पर और दबाव बढ़ा दिया जबकि उनकी 12,000 रुपये की मामूली मासिक आय से घर चलाना बहुत मुश्किल हो गया था। इन कठिनाइयों के बावजूद वह अपने काम के प्रति समर्पित रहे और अपनी सुरक्षा एवं भलाई का ध्यान रखते हुए, सम्मान के साथ अपनी आजीविका की प्राप्ति के लिए प्रतिबद्ध रहे।

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा लागू की गई ‘नेशनल एक्शन फॉर मैकेनाइज्ड सैनिटेशन इकोसिस्टम’ (नमस्ते) योजना के माध्यम से 2025 में एक बड़ा बदलाव आया। इस योजना के अंतर्गत उन्हें एक पूरी ‘पर्सनल प्रोटेक्टिव इक्विपमेंट’ (पीपीई) किट प्राप्त हुई जिसमें सुरक्षात्मक ओवरऑल, मजबूत दस्ताने, गमबूट, फेस मास्क एवं एक सेफ्टी हेलमेट शामिल थे। इसके अलावा उन्हें सुरक्षित स्वच्छता प्रथाओं और काम से जुड़े स्वास्थ्य जोखिमों से बचाव के बारे में जागरूकता प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया।

सुरक्षा उपकरणों की प्राप्ति एवं सुरक्षा के प्रति जागरूकता के कारण उन्हें काम करने की सुधारात्मक स्थिति प्राप्त हुई। काम से जुड़े खतरों से बेहतर सुरक्षा प्राप्त होने के कारण उनके स्वास्थ्य में बहुत सुधार हुआ, काम से उनकी अनुपस्थिति में कमी आयी और चिकित्सा खर्चों में भी कमी हुई। बेहतर स्वास्थ्य और काम में निरंतर रहने के कारण उनकी मासिक आय लगभग 12,000 रुपये से बढ़कर 16,000–18,000 रुपये हो गई जिससे उनकी आर्थिक स्थिति ज्यादा मजबूत हुई।

Comments

Comments (0)

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »