कोयला मंत्रालय 2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक विशेष अभियान 6 का नेतृत्व करने जा रहा है। इस अभियान के तहत मंत्रालय के सभी प्रशासनिक कार्यालयों और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (पीएसयू) में ई-कचरे के व्यवस्थित संग्रहण, पृथक्करण और वैज्ञानिक निपटान पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। पर्यावरणीय उत्तरदायित्व और ‘कचरे से सम्पदा’ में परिवर्तन के राष्ट्रीय विजन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए महीने भर चलने वाली इस पहल में कार्यस्थल के आधुनिकीकरण, कार्यालयीन स्थान के इष्टतम उपयोग, डिजिटलीकरण में तेजी लाने और कबाड़ के निपटान को प्राथमिकता दी जा रही है। इन प्रयासों के माध्यम से मंत्रालय का उद्देश्य स्वच्छ, स्थायी और नागरिक-केंद्रित गवर्नेंस को बढ़ावा देना तथा मजबूत संस्थागत तंत्र को और सुदृढ़ करना है।
विशेष अभियान 6 के तैयारी चरण के दौरान श्रीमती चेतना शुक्ला (डीडीजी), श्री रॉबिन गंगटे (डीएस) तथा अधिकारियों ने 23 सितम्बर, 2026 को लोक नायक भवन स्थित रिकॉर्ड कक्ष की समीक्षा की। इस प्रक्रिया में फाइलों का व्यवस्थित वर्गीकरण करने तथा पुराने या अनावश्यक अभिलेखों की पहचान करने पर पर ध्यान केंद्रित किया गया, ताकि उन्हें समयबद्ध तरीके से हटाया जा सके। इससे रिकॉर्ड प्रबंधन को सुव्यवस्थित करने, अभिलेखों तक पहुंच में सुधार करने और खाली किए गए स्थानों का उत्पादक उपयोग करने में सहायता मिलेगी।
![]() | ![]() |
इस राष्ट्रव्यापी पहल के तहत डब्ल्यूसीएल ने 22 सितम्बर, 2026 को नागपुर स्थित मुख्यालय में ई-कचरा प्रबंधन पर नुक्कड़ नाटक आयोजित किया। इसके माध्यम से ई-कचरे के जिम्मेदारीपूर्वक संग्रहण, पृथक्करण, पुनर्चक्रण और वैज्ञानिक निपटान के संबंध में जागरूकता पैदा की गई।
![]() | ![]() |
मंत्रालय अपने केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उद्यमों (सीपीएसई), सीसीओ और सीएमपीएफओ के साथ मिलकर स्वच्छता अभियान चलाने के लिए स्थलों की सक्रिय रूप से पहचान कर रहा है। इसके साथ ही कबाड़ और अनुपयोगी वस्तुओं का निपटान, लंबित संदर्भों, शिकायतों और अपीलों का निस्तारण तथा स्थान और रिकॉर्ड प्रबंधन को सुव्यवस्थित करने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। ये पहलें परिचालन दक्षता, पारदर्शिता और प्रभावी अपशिष्ट प्रबंधन को सुदृढ़ करती हैं तथा सतत प्रशासनिक कार्यप्रणालियों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराती हैं।
![]() | ![]() |
| पहले | बाद |
24 सितंबर, 2026 तक कोयला मंत्रालय ने विशेष अभियान 6 के लिए लक्ष्यों की पहचान करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति कर ली है:
- स्वच्छ किए जाने वाले स्थलों की पहचान: 1462
- खाली किए जाने वाले क्षेत्र: 1.21 करोड़ वर्ग फुट
- निपटान किए जाने वाले कबाड़ की मात्रा: 10,713 मीट्रिक टन
- समीक्षा की जाने वाली भौतिक फाइलें: 10,189
- समीक्षा हेतु ई-फाइलें: 75,382
30 सितंबर 2026 तक तैयारी चरण जारी रहने के साथ इन आंकड़ों में और वृद्धि होने की उम्मीद है। कोयला मंत्रालय विशेष अभियान 6 के माध्यम से स्वच्छता में सुधार, रिकॉर्ड प्रबंधन को सुव्यवस्थित करने और गवर्नेंस की दक्षता बढ़ाने के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रतिबद्ध है।






Comments (0)