डाक विभाग ने 1,861 डाक चौपालें आयोजित की
55,952 स्थानों पर स्वच्छता कार्य किए गए; 9,007 जन शिकायतों का समाधान किया गया
संचार मंत्रालय के डाक विभाग ने विशेष अभियान 6 के तहत 23 अक्टूबर 2026 को पूरे देश में 1,861 डाक चौपालें आयोजित की। इसका उद्देश्य नागरिकों की भागीदारी को मजबूत करना और डाक तथा सरकारी सेवाओं को लोगों के और करीब लाना था। एक दिवसीय इस विशेष कार्यक्रम के दौरान देशभर में लगभग 55,952 स्थानों पर स्वच्छता अभियान चलाए गए और जनता की 9,007 शिकायतों का समाधान किया गया।
प्रशासनिक सुधार और लोक शिकायत विभाग (डीएआरपीजी) की पहल पर आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य केंद्रबिंदु नागरिकों तक पहुंच बनाना, शिकायतों का निवारण करना, स्वच्छता, पर्यावरणीय स्थिरता और डाक बुनियादी ढांचे में सुधार करना था।
डाक चौपाल: नागरिकों तक सरकारी सेवाएं पहुंचाना
डाक चौपाल, डाक अधिकारियों और नागरिकों के बीच सीधे संवाद का एक मंच है। इनके माध्यम से डाक और नागरिक-केंद्रित सेवाओं के बारे में जागरूकता बढ़ाई गई, लोगों की शिकायतों को सुना गया और सेवा आपूर्ति को बेहतर बनाने के लिए उनसे फीडबैक लिया गया।
इन गतिविधियों में डाक जीवन बीमा(पीएलआई) और ग्रामीण डाक जीवन बीमा (आरपीएलआई) योजनाओं के बारे में जागरूकता बढ़ाना, डाक सेवाओं को सुलभ बनाना और स्थानीय समुदायों के साथ सहभागिता शामिल था। कार्यक्रम के दौरान जनता की 9,007 शिकायतों का समाधान, नागरिकों की चिंताओं का समय पर समाधान करने और एक जिम्मेदार प्रशासन के प्रति विभाग की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
राष्ट्रव्यापी स्वच्छता और पर्यावरणीय स्थिरता अभियान
शाखा डाकघरों, मेल कार्यालयों और प्रशासनिक प्रतिष्ठानों सहित सभी डाकघरों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाए गए। कुल 55,952 स्थानों पर स्वच्छता कार्य किए गए, जिससे आसपास का वातावरण साफ-सुथरा हुआ और सार्वजनिक स्थानों की स्थिति में सुधार आया।
डाक सर्किलों ने पर्यावरणीय स्थिरता को बढ़ावा देने के लिए कई पहल कीं, जिनमें कचरे को अलग-अलग करने, खाद बनाने और कचरे के जिम्मेदार प्रबंधन के बारे में जागरूकता अभियान शामिल थे। इन गतिविधियों ने सामुदायिक भागीदारी को प्रोत्साहित किया और स्वच्छता तथा पर्यावरणीय जिम्मेदारी के सिद्धांतों को मजबूत किया।
बुनियादी ढांचे में सुधार और सामुदायिक सहभागिता
डाक प्रतिष्ठानों ने कार्यालय के बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने, जनता के लिए उपलब्ध क्षेत्रों को और अधिक आकर्षक बनाने तथा उपलब्ध स्थान का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने की पहल कीं। रचनात्मक सौंदर्यीकरण, रखरखाव और अन्य सुधार कार्यों से डाक प्रतिष्ठान अधिक स्वच्छ और आकर्षक बन गए।
यह विशेष एक-दिवसीय कार्यक्रम विशेष अभियान 6 के उद्देश्यों के प्रति डाक विभाग की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इसमें मुख्य रूप से स्वच्छता को स्थायी व्यवस्था के रूप में कायम करना, शिकायतों के निवारण को मजबूत करना, नागरिकों के साथ सहभागिता बढ़ाना और टिकाऊ तरीकों को बढ़ावा देना शामिल है।
डाक विभाग इन पहलों को आगे भी जारी रखेगा, ताकि डाक प्रतिष्ठानों को और अधिक स्वच्छ, सुलभ और नागरिकों की जरूरतों के प्रति अधिक संवेदनशील बनाया जा सके।
Comments (0)