LIVE

उपराष्ट्रपति श्री सी. पी. राधाकृष्णन 22 सितंबर को नई दिल्ली में 9वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय जल सप्ताह 2026 का उद्घाटन करेंगे


पांच दिवसीय कार्यक्रम में जलवायु परिवर्तन के अनुकूल जल प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा

भारत सरकार का जल शक्ति मंत्रालय, प्रमुख केंद्रीय मंत्रालयों, राज्य सरकारों, अंतर्राष्ट्रीय संगठनों, अनुसंधान और शैक्षणिक संस्थानों, उद्योग निकायों, विकास भागीदारों, नागरिक समाज और निजी क्षेत्र के भागीदारों के सहयोग से, 22-26 सितंबर 2026 तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में ‘‘जलवायु अनुकूल जल प्रबंधन’’ विषय पर 9वां भारतीय अंतर्राष्ट्रीय जल सप्ताह (आईआईडब्‍ल्‍यूडब्‍ल्‍यू) 2026 आयोजित कर रहा है। यह पांच दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय कार्यक्रम नीति निर्माताओं, वैश्विक जल प्रमुखों, विशेषज्ञों, शोधकर्ताओं, पेशेवरों, उद्योग, नागरिक समाज और युवा पेशेवरों को संवाद, ज्ञान के आदान-प्रदान, नवाचार और साझेदारी के लिए एक बहुविषयक मंच प्रदान करेगा ताकि उभरती जल चुनौतियों का समाधान किया जा सके और जल-सुरक्षित और जलवायु अनुकूल भविष्य को आगे बढ़ाया जा सके।

आईआईडब्‍ल्‍यूडब्‍ल्‍यू-2026 की मुख्य बातें

  • उद्घाटन : इस कार्यक्रम का उद्घाटन भारत के माननीय उपराष्ट्रपति द्वारा 22 सितंबर 2026 को माननीय केंद्रीय जल शक्ति मंत्री और अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में किया जाएगा।
  • वैश्विक भागीदारी और भागीदार देश : नीदरलैंड और जर्मनी भागीदार देशों के रूप में भाग लेंगे, साथ ही भारत और दूसरे देशों के मंत्री, नीति निर्माता, वैश्विक जल प्रमुख, अंतर्राष्ट्रीय संगठन, विशेषज्ञ, शोधकर्ता, व्यवसायी, उद्योग प्रतिनिधि, नागरिक समाज, स्टार्ट-अप, युवा और अन्य हितधारक भी शामिल होंगे जो जल प्रबंधन में अंतर्राष्ट्रीय सहयोग और वैश्विक अनुभव के आदान-प्रदान करेंगे।
  • राष्ट्रीय भागीदारी और विस्‍तार : चौदह राज्य भागीदार राज्यों के रूप में भाग लेंगे जबकि छह केंद्रीय मंत्रालयों और विभागों को भागीदार मंत्रालयों और विभागों के रूप में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया है जिससे जलवायु परिवर्तन के प्रति अनुकूल जल प्रबंधन के लिए केंद्र-राज्य सहयोग और अंतर-क्षेत्रीय विस्‍तार को मजबूती मिलेगी।
  • दस प्रमुख मंच : इस कार्यक्रम में मंत्रिस्तरीय पूर्ण सत्र, वैश्विक जल प्रमुखों के पूर्ण सत्र, देश मंच, जल प्रमुखों के मंच, अभ्यासकर्ताओं के मंच, विषयगत मंच, स्टार्टअप मंच, युवा मंच, औद्योगिक मंच और अन्य संबंधित कार्यक्रम शामिल होंगे जो नीति, प्रौद्योगिकी, अनुसंधान और कार्यान्वयन के क्षेत्र में संवाद को सुगम बनाएंगे।
  • सात प्रमुख उप-विषय : विचार-विमर्श में समावेशी और न्यायसंगत जल अधिकार; जल संसाधनों के इष्टतम उपयोग के लिए सहयोग; जल सुरक्षा के लिए प्रौद्योगिकी और समुदाय; जलवायु संबंधी जोखिम में जल; जल अवसंरचना और आधुनिकीकरण के लिए अभिनव वित्तपोषण मॉडल; सतत जल संसाधन प्रबंधन; और लोगों एवं ग्रह के लिए जल जैसे विषयों को शामिल किया जाएगा।
  • अंतर्राष्ट्रीय प्रदर्शनी एवं प्रौद्योगिकी प्रदर्शन : 22 से 25 सितंबर 2026 तक चलने वाली चार दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय प्रदर्शनी, सतत और जलवायु-अनुकूल जल प्रबंधन के लिए नवीन प्रौद्योगिकियों, उत्पादों और समाधानों को प्रदर्शित करने के लिए एक मंच प्रदान करेगी।
  • अंतर्राष्ट्रीय वॉश सम्मेलन : पेयजल एवं स्वच्छता विभाग द्वारा 22-24 सितंबर को आयोजित किया जा रहा दूसरा अंतर्राष्ट्रीय वॉश सम्मेलन 2026, पेयजल तक पहुंच, स्वच्छता अवसंरचना, स्वच्छता व्यवहार और सार्वजनिक स्वास्थ्य पर केंद्रित होगा जिसमें स्केलेबल, किफायती और टिकाऊ समाधानों पर जोर दिया जाएगा।
  • परिणामोन्मुखी विचार-विमर्श : आईआईडब्‍ल्‍यूडब्‍ल्‍यू-2026 का उद्देश्य ज्ञान और संवाद को व्यावहारिक सिफारिशों, साझेदारियों और व्यापक समाधानों में बदलना है जिसमें जल सुरक्षा और जलवायु अनुकूलता को मजबूत करने के लिए नीति, वित्तपोषण, प्रौद्योगिकी और सामुदायिक भागीदारी को एक साथ लाया जाएगा।
  • विदाई समारोह और अध्ययन यात्राएं : विचार-विमर्श का समापन 25 सितंबर 2026 को विदाई सत्र के साथ होगा जिसके बाद 26 सितंबर 2026 को अध्ययन यात्राएं आयोजित की जाएंगी।

भारत अंतर्राष्ट्रीय जल सप्ताह भारत और विश्वभर के विभिन्न हितधारकों को एक साथ लाने, अनुभवों का आदान-प्रदान करने, नवाचारों को प्रदर्शित करने और जल क्षेत्र में सहयोग को मजबूत करने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच बनकर उभरा है। आईआईडब्‍ल्‍यूडब्‍ल्‍यू-2026 में जलवायु परिवर्तन से निपटने की क्षमता को जल संबंधी चर्चा के केंद्र में रखा जाएगा जिसमें सतत जल प्रबंधन के लिए संवाद से आगे बढ़कर व्यावहारिक, सहयोगात्मक और कार्यान्वयन योग्य समाधानों पर जोर दिया जाएगा।

Comments

Comments (0)

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »