LIVE

सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ चेक गणराज्य की आधिकारिक यात्रा पर रवाना हुए


यह दौरा द्विपक्षीय रक्षा सहयोग व दोनों देशों की सेनाओं के बीच संबंधों को और मजबूत करने के उद्देश्य से हो रहा है

थल सेनाध्यक्ष जनरल धीरज सेठ 16 से 19 नवंबर 2026 तक चेक गणराज्य की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे। इस यात्रा का उद्देश्य द्विपक्षीय रक्षा सहयोग को और मजबूत करना, दोनों देशों की सेनाओं के बीच आपसी संपर्क व समन्वय बढ़ाना तथा रक्षा प्रौद्योगिकी एवं उद्योग के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाएं तलाशना है।

थल सेनाध्यक्ष अपनी इस यात्रा के दौरान चेक सशस्त्र बलों के वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों के साथ चर्चा करेंगे। इनमें प्राग स्थित जनरल स्टाफ मुख्यालय में जनरल स्टाफ के प्रथम उप प्रमुख और उप रक्षा प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल पेट्र सेपेलका भी शामिल होंगे। थल सेनाध्यक्ष जनरल स्टाफ मुख्यालय में आयोजित एक समारोह में शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके अलावा, वे रक्षा मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों से भी मुलाकात करेंगे। इन बैठकों में आपसी हित के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होगी, जिनमें सैन्य सहयोग, प्रशिक्षण, आधुनिकीकरण और उभरती सुरक्षा चुनौतियां शामिल हैं।

इस कार्यक्रम के तहत जनरल धीरज सेठ ब्रनो स्थित रक्षा विश्वविद्यालय और नाटो के संयुक्त रासायनिक, जैविक, रेडियोलॉजिकल एवं परमाणु रक्षा उत्कृष्टता केंद्र का दौरा करेंगे। इन दौरों का उद्देश्य चेक सशस्त्र बलों के विशेष प्रशिक्षण, परिचालन क्षमताओं और भविष्य की तैयारियों के बारे में जानकारी प्राप्त करना है।

थल सेनाध्यक्ष जनरल धीरज सेठ रक्षा प्रौद्योगिकी एवं रक्षा उद्योग के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाएं तलाशने के लिए अंतर-सरकारी रक्षा सहयोग एजेंसी (एएमओएस), रक्षा व सुरक्षा उद्योग संघ और प्रमुख रक्षा निर्माताओं के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत करेंगे।

यह दौरा भारत व चेक गणराज्य की उस साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जिसके तहत निरंतर सैन्य संवाद, पेशेवर आदान-प्रदान तथा औद्योगिक साझेदारियों के माध्यम से द्विपक्षीय रक्षा संबंधों को और अधिक मजबूत बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Comments

Comments (0)

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »