संसदीय कार्य मंत्रालय ने विशेष अभियान 5.0 के अंतर्गत स्वच्छता, अभिलेखों के कुशल प्रबंधन, लंबित मामलों का निपटान, स्थान के इष्टतम उपयोग और कागजी रहित गवर्नेंस पर विशेष जोर देते हुए विभिन्न व्यापक गतिविधियां संचालित कीं। इस अभियान के दौरान शुरू की गई और अगस्त 2026 तक जारी रखी गई इन पहलों ने मंत्रालय के स्वच्छ, कुशल, पारदर्शी और पर्यावरण की दृष्टि से सतत कार्यप्रणाली के प्रति संकल्प को और मजबूत किया है।

मंत्रालय ने 15 से 30 सितंबर , 2025 तक तैयारी चरण के साथ इस पहल की शुरुआत की। इस चरण में लंबित संदर्भों की पहचान की गई, फाइलों की समीक्षा की गई तथा अनावश्यक सामग्री और ई-कचरे की सूची तैयार की गई। अभियान के दौरान मंत्रालय ने चिन्हित सभी सार्वजनिक शिकायतों और लंबित सार्वजनिक शिकायत अपीलों का शत प्रतिशत निपटारा किया, जिससे इन श्रेणियों में लंबित मामलों की संख्या शून्य हो गई। अभिलेख प्रबंधन के क्षेत्र में 172 फाइलों को छांटा/हटाया गया, जिससे अभिलेखों के बेहतर प्रबंधन के साथ- साथ कार्यालय को बहुमूल्य स्थान को खाली करने में मदद मिली। अप्रचलित सामग्री और ई-कचरे का निपटान निर्धारित पर्यावरणीय दिशानिर्देशों के अनुसार किया गया।

मंत्रालय ने ई-ऑफिस और ई-एचआरएमएस सहित डिजिटल प्लेटफॉर्मों के व्यापक उपयोग के माध्यम से कागज रहित गवर्नेंस को बढ़ावा देना जारी रखा। मंत्रालय ने राज्य विधानमंडलों द्वारा राष्ट्रीय ई-विधान एप्लिकेशन (एनईवीए) को व्यापक रूप से अपनाने की दिशा में भी अपने प्रयास जारी रखे। एनईवीए कागज रहित विधायी कार्यप्रणाली को सुगम बनाता है, भौतिक दस्तावेजों पर निर्भरता को कम करता है और अधिक दक्षता और पर्यावरणीय स्थिरता में योगदान देता है।
लंबित विधायी मामलों के शीघ्र समाधान के लिए मंत्रालय ने संसदीय आश्वासनों, नियम 377 से संबंधित मामलों और अन्य विधायी संदर्भों पर समय पर कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए मंत्रालयों/विभागों और राज्य विधानमंडलों के साथ समन्वय किया। कागज रहित एनईवीए की ओर राज्य विधानमंडलों के संक्रमण को तेज करने के लिए उनके साथ अनुवर्ति पत्राचार भी किया गया।
अभियान के उद्देश्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करने और अभियान के दौरान स्थापित मानकों को बनाए रखने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा नियमित स्वच्छता अभियान, निरीक्षण और निगरानी की गई। मंत्रालय ने अभियान की गतिविधियों और उपलब्धियों के बारे में जानकारी प्रसारित करने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का भी उपयोग किया, जिससे विशेष अभियान 5.0 के उद्देश्यों के बारे में व्यापक जागरूकता को बढ़ावा मिला।


अक्टूबर 2025 से अगस्त 2026 तक की गई पहलों ने मंत्रालय के निम्नलिखित क्षेत्रों पर विशेष ध्यान को और मजबूत किया है- स्वच्छता, लंबित मामलों का समयबद्ध समाधान, प्रभावी अभिलेख प्रबंधन, डिजिटल गवर्नेंस, कार्यालय के स्थान का इष्टतम उपयोग और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार कार्यप्रणालियां। इन पहलों के साथ-साथ इन उपायों को नियमित कार्यालयीन कार्यप्रणाली के अभिन्न हिस्से के रूप में निरंतर बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया गया है।
Comments (0)