LIVE

रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ताजिकिस्तान में आयोजित होने वाली शंघाई सहयोग संगठन के शासनाध्यक्ष परिषद की बैठक में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे

रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह 19 और 20 अक्टूबर, 2026 को ताजिकिस्तान की राजधानी दुशान्बे का दौरा करेंगे। इस दौरान वे शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) की शासनाध्यक्ष परिषद (सीएचजी) की 25वीं बैठक में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस सम्मेलन में एससीओ सदस्य देशों के बीच बहुपक्षीय सहयोग को और विस्तार प्रदान करने पर चर्चा होगी। इसमें व्यापार, अर्थव्यवस्था, निवेश, कनेक्टिविटी, नवाचार और सांस्कृतिक एवं मानवीय आदान-प्रदान जैसे प्रमुख क्षेत्रों पर विशेष जोर दिया जाएगा। इसके अलावा, बैठक में जारी सहयोग गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी और संगठन के वित्तीय एवं संस्थागत कामकाज से जुड़े मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।

भारत शंघाई सहयोग संगठन के विभिन्न तंत्रों में सक्रिय रूप से भाग लेता रहा है। स्टार्टअप व नवाचार, डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचे तथा लोगों के बीच आपसी संपर्क और आदान-प्रदान जैसे क्षेत्रों में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से भी भारत क्षेत्रीय सहयोग को बढ़ावा देने में योगदान देता रहा है। यह बैठक भारत को संगठन के अन्य सदस्य देशों के साथ व्यावहारिक एवं पारस्परिक रूप से लाभकारी सहयोग को आगे बढ़ाने के उपायों पर विचार-विमर्श करने का अवसर प्रदान करेगी।

शंघाई सहयोग संगठन के शासनाध्यक्ष परिषद की पिछली बैठक 18 नवंबर, 2025 को रूस की राजधानी मॉस्को में आयोजित हुई थी। इस बैठक में भारत का प्रतिनिधित्व विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने किया था।

Comments

Comments (0)

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »