LIVE

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की उज्बेकिस्तान और किर्गिज़ गणराज्य की यात्रा (29 अगस्त-1 सितंबर 2026)

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी 29-30 अगस्त 2026 को द्विपक्षीय यात्रा पर उज्बेकिस्तान  तथा 31 अगस्त से 1 सितंबर 2026 तक 26वें एससीओ शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए किर्गिज़ गणराज्य की यात्रा करेंगे।

उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति महामहिम श्री शावकत मिर्जियोयेव के निमंत्रण पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी 29 से 30 अगस्त 2026 तक ताशकंद की राजकीय यात्रा करेंगे। यह प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की उज्बेकिस्तान की चौथी यात्रा होगी। यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी राष्ट्रपति मिर्जियोयेव के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता करेंगे, जिसका उद्देश्य दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करना है। दोनों नेता व्यापार और निवेश, रक्षा, डिजिटल संपर्क, ऊर्जा, शिक्षा तथा लोगों के बीच आपसी संबंधों के क्षेत्र में सहयोग की समीक्षा करेंगे और भविष्य के लिए कार्यसूची तय करेंगे। दोनों नेता विकसित भारत@ 2047 और उज़्बेकिस्तान-2030 के साझा विकास लक्ष्यों को आगे बढ़ाने पर भी अपने विचार साझा करेंगे। इसके अलावा, प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के ताशकंद में शास्त्री स्मारक तथा ताशकंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ ओरिएंटल स्टडीज़ में महात्मा गांधी केंद्र का दौरा करने की भी संभावना है।    

किर्गिज़ गणराज्य के राष्ट्रपति महामहिम श्री सादिर झापारोव के निमंत्रण पर, प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ताशकंद से बिश्केक जाएंगे और 31 अगस्त से 1 सितंबर 2026 तक होने वाले 26वें एससीओ शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। यह शिखर सम्मेलन शंघाई सहयोग संगठन(एससीओ) की स्थापना की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है। भारत 2017 से इस संगठन का पूर्ण सदस्य है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी शिखर सम्मेलन को संबोधित करेंगे, जिसमें वे मंच पर सुरक्षा, संपर्क और अवसरों से जुड़ी भारत की प्राथमिकताओं पर प्रकाश डालेंगे। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी शिखर सम्मेलन के दौरान एससीओ नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे। इसके अलावा, वे मध्य एशिया की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के उत्सव छठे वर्ल्ड नोमैड गेम्स के उद्घाटन समारोह में भी शामिल होंगे।

Comments

Comments (0)

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »