LIVE

प्रधानमंत्री 23 अक्टूबर को चिन्मय अमृत महोत्सव वैश्विक सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे


यह कार्यक्रम चिन्मय मिशन के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में वर्ष भर चलने वाले समारोहों के समापन का प्रतीक है


प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी 23 अक्टूबर, 2026 को सुबह 11 बजे नई दिल्ली के भारत मंडपम में चिन्मय अमृत महोत्सव वैश्विक सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। वे इस अवसर पर सभा को संबोधित भी करेंगे।

23 से 25 अक्टूबर, 2026 तक आयोजित तीन दिवसीय सम्मेलन में भारत और विदेश से 9,000 से अधिक प्रतिभागी शामिल होंगे। यह चिन्मय मिशन के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में चल रहे वर्ष भर के समारोहों का समापन है। चिन्मय मिशन एक वैश्विक आध्यात्मिक आंदोलन है जिसकी स्थापना स्वामी चिन्मयानंद ने 1951 में वेदांत और भगवद गीता के ज्ञान को सर्वव्यापी बनाने के उद्देश्य से की थी। दशकों से, मिशन ने आध्यात्मिक शिक्षा, सांस्कृतिक संरक्षण, युवा सशक्तिकरण और सामुदायिक सेवा के क्षेत्र में अपने कार्यों का विस्तार किया है।

वर्ष भर चलने वाले उत्सवों का शुभारंभ पिछले वर्ष प्रधानमंत्री द्वारा तमिलनाडु के गंगईकोंडा चोलपुरम में चिन्मय मिशन द्वारा निर्मित और इलैयाराजा द्वारा संगीतबद्ध भगवद गीता के तमिल संस्करण के विमोचन के साथ हुआ। वर्ष के दौरान कई पहल और कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें विभिन्न स्थानों पर सामूहिक हवन, त्रिपुरा में मां सौंदर्या चिन्मयी मंदिर का अभिषेक और चिन्मय गीता समर्पणम शामिल हैं। इसके तहत विश्व भर में 1 लाख से अधिक लोगों ने ऑनलाइन माध्यम से भगवद गीता के 15वें अध्याय का पाठ किया। उत्सवों की एक प्रमुख पहल गीता पंचामृत थी, जो भगवद गीता के पांच चयनित श्लोकों पर केंद्रित थी। गीता के संदेश को देश भर में फैलाने के लिए, चिन्मय युवा केंद्र के 15 युवा सदस्यों ने चिन्मय अमृत यात्रा की, जिसमें उन्होंने देश भर में 40,000 किलोमीटर से अधिक की यात्रा की।

Comments

Comments (0)

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »