LIVE

पंचायती राज मंत्रालय विशेष अभियान 6.0 के अंतर्गत 14 अक्टूबर 2026 को स्वच्छता अभियान चलाएगा और लंबित मामलों का निपटारा करेगा


राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में पंचायती राज संस्थाएं और ग्रामीण स्थानीय निकाय स्वच्छता, सार्वजनिक स्थानों में सुधार और लंबित मामलों के शीघ्र निपटान के लिए एक दिवसीय स्‍वच्‍छता अभियान में भाग लेंगे

पंचायती राज मंत्रालय स्वच्छता को संस्थागत रूप देने और लंबित मामलों को कम करने के लिए चल रहे विशेष अभियान (एससीडीपीएम 6.0) के अंतर्गत, 14 अक्टूबर 2026 को एक दिवसीय स्वच्छता और लंबित मामलों के निपटान का विशेष अभियान आयोजित करेगा। यह अभियान, 2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले अभियान के कार्यान्वयन चरण का हिस्सा है। इसका उद्देश्य कार्यस्थलों में स्वच्छता को बढ़ावा देना, कार्यालय स्थान के उपयोग में सुधार करना और लंबित मामलों, जिनमें संदर्भ और अन्य पहचाने गए लंबित मामले शामिल हैं, के निपटान में तेजी लाना है। इस दिन के लिए नियोजित गतिविधियों में कार्यस्थलों पर स्वच्छता श्रमदान और स्वच्छता अभियान, आवश्‍यक मरम्मत और अव्यवस्था को दूर करना, जैव-अपशिष्ट प्रबंधन पर कर्मचारियों का मार्गदर्शन, ई-अपशिष्ट का उचित संग्रह, पृथक्करण और निपटान, स्क्रैप निपटान, जन शिकायत निवारण, सफाई मित्रों के साथ बातचीत और अभियान के तहत प्रगति की समीक्षा शामिल है। मंत्रालय के सभी विभाग और अनुभाग इस अभियान में सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं और नियोजित गतिविधियों को समय पर पूरा करने के लिए योगदान दे रहे हैं।

जमीनी स्तर पर भागीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए, 14 अक्टूबर 2026 की तारीख देशभर के पंचायती राज संस्थानों (पीआरआई)/ग्रामीण स्थानीय निकायों (आरएलबी) के लिए समर्पित अभियान गतिविधियों को संचालित करने हेतु निर्धारित की गई है। इससे पहले, मंत्रालय ने 12 अक्टूबर 2026 को सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पंचायती राज विभागों के अपर मुख्य सचिवों, प्रधान सचिवों और सचिवों को परामर्श जारी कर पीआरआई/आरएलबी की सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया था। इन गतिविधियों में पंचायत कार्यालयों और आसपास के सार्वजनिक स्थानों में स्वच्छता अभियान, अनुपयोगी सामग्री को हटाना, स्थानीय संसाधनों का उपयोग करके सार्वजनिक स्थानों का सौंदर्यीकरण और सामुदायिक भागीदारी के साथ वृक्षारोपण शामिल होंगे। पीआरआई लंबित शिकायतों, आपत्तियों और आवेदनों की समीक्षा करके उनका समय पर निपटान भी करेंगे। साथ ही स्वच्छता और सफाई गतिविधियों में लगे कर्मियों को सम्मानित किया जाएगा।

मंत्रालय ने कार्यस्थल पर कार्यकुशलता बढ़ाने के प्रयासों के अंतर्गत नई दिल्ली स्थित जीवन प्रकाश बिल्डिंग में अपने अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए ई-ऑफिस प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया। इस सत्र में ई-ऑफिस की नवीनतम विशेषताओं, फाइल वर्कफ़्लो प्रक्रियाओं और डिजिटल रिकॉर्ड प्रबंधन को शामिल किया गया, जिसमें फाइलों से जुड़े आधिकारिक कार्यों के समय पर निपटान पर विशेष ध्यान दिया गया। इन पहलों का उद्देश्य स्वच्छता को बढ़ावा देना, लंबित मामलों को कम करना और विशेष अभियान 6.0 के उद्देश्यों के अनुरूप कुशल, जवाबदेह और उत्तरदायी शासन को मजबूत करना है।

Comments

Comments (0)

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »