LIVE

माई भारत ने 3 वर्ष से भी कम समय में 3 करोड़ से अधिक पंजीकृत युवाओं का ऐतिहासिक आंकड़ा पार किया


यह उपलब्धि नेतृत्व, अनुभवात्मक अधिगम, स्वयंसेवा और राष्ट्र-निर्माण के अवसरों में युवा भारतीयों की बढ़ती भागीदारी को दर्शाती है

युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय के युवा कार्यक्रम विभाग के राष्ट्रीय युवा सहभागिता मंच ‘मेरा युवा भारत’ (माई भारत) (mybharat.gov.in/) ने 3 करोड़ से अधिक पंजीकृत युवाओं का ऐतिहासिक आंकड़ा पार कर लिया है। यह उपलब्धि भारत के सबसे बड़े युवा सहभागिता इकोसिस्टम के महत्वपूर्ण विस्तार को दर्शाती है, जो युवाओं को अनुभवात्मक अधिगम, स्वयंसेवा, नेतृत्व, नागरिक सहभागिता और युवा-नेतृत्व वाली पहलों में भाग लेने के अवसर प्रदान करती है।

.

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने 31 अक्टूबर, 2023 को शुरू की गई ‘माई भारत’ का शुभारंभ किया था। इसे एक ऐसे प्रौद्योगिकी-सक्षम प्लेटफॉर्म के रूप में स्थापित किया गया, जिसके माध्यम से युवा भारतीय देश की विकास यात्रा में भाग ले सकें। शुभारंभ के अवसर पर प्रधानमंत्री ने देश के युवाओं को एक साझा मंच पर लाने तथा राष्ट्र-निर्माण में उनकी अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के महत्व पर ज़ोर दिया था। माई भारत की परिकल्पना भारत के युवाओं की ऊर्जा, आकांक्षाओं और क्षमता को विकसित भारत@2047 की दिशा में सार्थक भागीदारी में परिवर्तित करने के लिए एक महत्वपूर्ण संस्थागत तंत्र के रूप में की गई थी।

माई भारत की यात्रा ने शुभारंभ के बाद से तेज़ी से विस्तार देखा है। इस प्लेटफॉर्म ने अक्टूबर 2025 में 2 करोड़ से अधिक पंजीकरण का आंकड़ा किया और इसके बाद अगस्त 2026 तक 2.46 करोड़ से अधिक पंजीकृत युवाओं तक इसकी पहुंच हो गई। विस्तार के अगले चरण में 3 करोड़ से अधिक का आंकड़ा पार करना इस प्लेटफॉर्म पर युवाओं की निरंतर बढ़ती भागीदारी को दर्शाता है।

आज माई भारत एक ऐसे साझा डिजिटल प्रवेश-द्वार के रूप में कार्य करता है, जिसके माध्यम से युवा अनुभवात्मक अधिगम कार्यक्रमों कार्यक्रमों, स्वयंसेवा के अवसरों, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं, नेतृत्व पहलों, युवा संवादों और सामुदायिक सहभागिता गतिविधियों की जानकारी प्राप्त कर उनमें भाग ले सकते हैं। अगस्त 2026 तक, 1.22 लाख से अधिक युवाओं ने लगभग 25,000 अनुभवात्मक अधिगम कार्यक्रमों में नामांकन किया था, जिससे युवाओं को पारंपरिक कक्षा परिवेश से परे भागीदारी के माध्यम से व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने के अवसर मिले हैं।

इस प्लेटफॉर्म में प्रौद्योगिकी स्तर पर भी निरंतर विकास किया जा रहा है। युवाओं को पेशेवर प्रोफाइल तैयार करने में सहायता देने के लिए एक एआई-सक्षम सीवी बिल्डर शुरू किया गया है। साथ ही, डिजिटल सेवाओं और जमीनी स्तर पर व्यापक पहुंच के माध्यम से इस प्लेटफॉर्म को और मजबूत किया जा रहा है।

माई भारत के माध्यम से संचालित की जा रही एक प्रमुख पहल ‘विकसित भारत युवा नेता संवाद (वीबीवाईएलडी) 2027’ है। इसके माध्यम से युवा भारतीयों को विकसित भारत @2047 के विजन के अनुरूप अपने विचार, रचनात्मकता, नेतृत्व और नवाचार को प्रदर्शित करने के लिए अनेक अवसर प्रदान किये जा रहे हैं। इस पहल की शुरुआत 17 अगस्त, 2026 को विकसित भारत क्विज़ के साथ हुई। यह क्विज़ माई भारत प्लेटफॉर्म पर 30 सितंबर, 2026 तक खुली है। प्रमुख विकसित भारत चैलेंज के अंतर्गत प्रतिभागी निबंध प्रतियोगिता, जिला चैंपियनशिप और राज्य/केंद्र शासित प्रदेश स्तर के चरणों से गुजरते हुए 10-12 जनवरी, 2027 को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय विकसित भारत युवा नेता संवाद में भाग लेंगे। इसके साथ ही, वीबीवाईएलडी 2027 में पांच अतिरिक्त ट्रैक भी शामिल हैं—सांस्कृतिक ट्रैक, डिज़ाइन फॉर भारत, हैक फॉर सोशल कॉज़, यूथ एंटरप्रेन्योर्स चैलेंज और यूथ पार्लियामेंट—जो युवाओं को अपनी सांस्कृतिक प्रतिभा, रचनात्मक और डिज़ाइन सोच, प्रौद्योगिकी-आधारित समाधान, उद्यमशीलता के विचार और संसदीय प्रक्रियाओं में नेतृत्व प्रदर्शित करने के लिए मंच प्रदान करते हैं। इन सभी श्रेणियों में चयनित युवा प्रतिभागियों को नीति निर्माताओं के साथ संवाद करने और राष्ट्रीय स्तर पर प्रधानमंत्री के समक्ष अपने विचार प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।

वर्तमान माई भारत इको-सिस्टम में युवाओं पर केंद्रित अनेत पहलें भी शामिल हैं। इनमें विकसित भारत के लिए नशा मुक्त युवा, विकसित जीवन ग्राम कार्यक्रम, विकसित भारत युवा संसद, विकसित भारत पदयात्रा, विकसित भारत युवा कनेक्ट और खेलो इंडिया संवाद के साथ-साथ अनुभवात्मक अधिगम और स्वयंसेवा के अवसर शामिल हैं।

‘विकसित भारत के लिए नशा मुक्त युवा’ अभियान के माध्यम से माई भारत एक स्वस्थ और नशा मुक्त भारत के लिए युवाओं को एकजुट करने के राष्ट्रव्यापी प्रयास में भी योगदान दे रहा है। ‘सौ सप्ताह का नशा मुक्त युवा अभियान’ सितंबर 2026 में ‘राष्ट्रीय संकल्प समारोह’ के साथ शुरू हुआ, जिसमें देश भर में संकल्प लेने, हस्ताक्षर अभियानों, रचनात्मक गतिविधियों और चर्चाओं के माध्यम से युवाओं की भागीदारी देखी जा रही है।

इस प्रकार, तीन करोड़ से अधिक का आंकड़ा केवल पंजीकरण की संख्या में वृद्धि का प्रतीक नहीं है, बल्कि यह एक राष्ट्रीय मंच के बढ़ते विस्तार को दर्शाता है, जिसके माध्यम से युवा भारतीय अनुभव से सीख सकते हैं, सामुदायिक पहलों में भाग ले सकते हैं, नेतृत्व-क्षमता विकसित कर सकते हैं और देश की विकास यात्रा में अपने विचारों का योगदान दे सकते हैं।

माई भारत अपने डिजिटल और जमीनी स्तर के इकोसिस्टम का विस्तार जारी रखते हुए युवा शक्ति, जन भागीदारी और युवा-नेतृत्व वाले राष्ट्र-निर्माण को मजबूत करने पर केंद्रित है। यह विकसित भारत@2047 के विज़न के अनुरूप भारत की युवा आबादी को देश के विकास में सार्थक योगदान देने के लिए सशक्त बनाने की दिशा में कार्य कर रहा है।

Comments

Comments (0)

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »