केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री जे.पी.नड्डा ने आज कर्तव्य भवन-1, नई दिल्ली में आयोजित एक समारोह में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय और रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय, दोनों के अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई। इस समारोह में सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती मनाई गई, जिनका राष्ट्र के एकीकरण और एकता में योगदान एक स्थायी प्रेरणा बना हुआ है।

इस समारोह में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की सचिव श्रीमती पुण्य सलिला श्रीवास्तव; रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय के उर्वरक विभाग के सचिव श्री रजत कुमार मिश्रा; रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय के रसायन और पेट्रोकेमिकल विभाग के सचिव श्री तेजवीर सिंह; स्वास्थ्य अनुसंधान विभाग के सचिव और भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के महानिदेशक डॉ. राजीव बहल; स्वास्थ्य सेवा महानिदेशक डॉ. लवनीश जी. कृष्णा; और राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (एनएचए) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री सुनील कुमार बरनवाल के साथ-साथ स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी और पदाधिकारी शामिल हुए।

शपथ ग्रहण समारोह ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने के प्रति अधिकारियों और कर्मचारियों की सामूहिक प्रतिबद्धता को दोहराया। सरदार वल्लभभाई पटेल की विरासत का सम्मान करने और राष्ट्रीय एकता व एकजुटता के महत्व को रेखांकित करने के लिए हर साल 31 अक्तूबर को ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ मनाया जाता है।


यह आयोजन एकता, अखंडता और राष्ट्रीय एकजुटता के आदर्शों के प्रति प्रतिबद्धता को फिर से दोहराने का एक अवसर था; ये आदर्श एक विकसित और एकजुट भारत की दिशा में देश की यात्रा का निरन्तर मार्गदर्शन करते हैं।
Comments (0)