भारत और ‘इंटरनेशनल सेंटर फॉर थियोरेटिकल फिजिक्स’ (आईसीटीपी) ने वैज्ञानिक सहयोग और अनुसंधानकर्ताओं के आवागमन को संस्थागत रूप देने के लिए ‘भारत-आईसीटीपी सहयोग कोष’ की शुरुआत की: डॉ. जितेंद्र सिंह
डीएसटी और आईसीटीपी ने दीर्घकालिक अनुसंधान साझेदारी को मजबूत करने और भारतीय वैज्ञानिकों, अनुसंधानकर्ताओं एवं छात्रों के लिए अधिक अवसर पैदा करने के लिए एक आशय पत्र पर हस्ताक्षर किए
भारत और “इंटरनेशनल सेंटर फॉर थियोरेटिकल फिजिक्स” (आईसीटीपी) ने ‘भारत-आईसीटीपी सहयोग कोष’ की शुरुआत के साथ अपनी दीर्घकालिक वैज्ञानिक साझेदारी को संस्थागत रूप देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। इसका उद्देश्य इंटरनेशनल रिसर्च सेंटर के साथ भारतीय अनुसंधानकर्ताओं की भागीदारी और आवागमन को बढ़ावा देना है।
इस संबंध में, केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी और पृथ्वी विज्ञान राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. जितेंद्र सिंह के इटली के ट्रिएस्टे स्थित आईसीटीपी के दौरे के दौरान विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (डीएसटी) और आईसीटीपी के बीच एक आशय पत्र पर हस्ताक्षर किए गए। डीएसटी के अंतर्राष्ट्रीय सहयोग विभाग के प्रमुख डॉ. प्रवीण कुमार सोमसुंदरम ने भारत की ओर से आशय पत्र का आदान-प्रदान किया।
इस पहल का स्वागत करते हुए, डॉ. जितेंद्र सिंह ने आशा व्यक्त की कि ‘भारत-आईसीटीपी सहयोग कोष’ दोनों पक्षों के बीच मौजूदा भागीदारी को और अधिक मजबूत करेगा, जिससे भारतीय अनुसंधानकर्ताओं को लाभ मिलेगा। उन्होंने वैज्ञानिक सहयोग और अनुसंधानकर्ताओं के आवागमन को बढ़ावा देने के लिए, दीर्घकालिक सहयोग को संस्थागत रूप देने के महत्व पर जोर दिया।
यह पहल आईसीटीपी के साथ भारत की दीर्घकालिक साझेदारी पर आधारित है, जिसमें कई कार्यक्रमों के माध्यम से भारतीय वैज्ञानिकों, अनुसंधानकर्ताओं और छात्रों की सक्रिय भागीदारी देखी गई है। प्रस्तावित सहयोग कोष के जरिए, डीएसटी और आईसीटीपी इस आपसी जुड़ाव को एक सुव्यवस्थित रूप देना चाहते हैं, जिसका मुख्य उद्देश्य भारतीय अनुसंधानकर्ताओं के लिए अधिक अवसर पैदा करना है।
आईसीटीपी भौतिकी, गणित और संबंधित क्षेत्रों में उच्च स्तरीय शोध, उच्च शिक्षा और क्षमता-निर्माण का एक प्रमुख वैश्विक केंद्र है। भारत के साथ इसका जुड़ाव कई भारतीय संस्थानों के साथ अनुसंधान सहयोग, शैक्षणिक आदान-प्रदान, कार्यशालाओं और क्षमता-निर्माण गतिविधियों तक फैला हुआ है।
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (डीएसटी), सीएसआईआर, प्रमुख विश्वविद्यालयों और आईआईटी जैसे संस्थानों ने संयुक्त अनुसंधान, कार्यशालाओं और आदान-प्रदान कार्यक्रमों के माध्यम से आईसीटीपी के साथ सहयोग किया है। भारतीय शोधकर्ताओं को नियमित रूप से आईसीटीपी की विजिटिंग फेलोशिप, डिप्लोमा कार्यक्रमों और पोस्टडॉक्टरल अवसरों का लाभ मिलता है और आईसीटीपी के विशेषज्ञ भारत के उच्च-ऊर्जा भौतिकी, खगोल भौतिकी, क्लाइमेंट मॉडलिंग और कम्प्यूटेशनल साइंस के वैज्ञानिक समूहों के साथ सक्रिय रूप से जुड़े रहते हैं।
भारत-आईसीटीपी सहयोग कोष की शुरुआत और आशय पत्र पर हस्ताक्षर आपसी भागीदारी के मौजूदा तरीकों को और मजबूत करने तथा अनुसंधानकर्ताओं के आवागमन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस सहयोग ने वैज्ञानिक उत्कृष्टता के वैश्विक नेटवर्क को मजबूत करने में योगदान दिया है। साथ ही अनुसंधानकर्ताओं और संस्थानों को एक साथ लाया है और मौलिक खोजों के साथ-साथ सामाजिक प्रभाव वाले नवाचारों को भी समर्थन दिया है। प्रस्तावित पहल से इस भागीदारी के प्रभाव को और बढ़ाने तथा भारत के वैज्ञानिक अनुसंधान समुदाय को लाभ पहुंचाने की उम्मीद है।
डॉ. जितेंद्र सिंह का आईसीटीपी का दौरा 11 से 15 नवंबर, 2026 तक उनकी आधिकारिक इटली यात्रा का हिस्सा था, जिसमें वेलकम लंच और अनुसंधानकर्ताओं का आवागमन कार्यक्रम का शुभारंभ शामिल था।





Comments (0)