LIVE

केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य और संसदीय कार्य मंत्री श्री किरेन रिजिजू ने सऊदी अरब की यात्रा की

केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य और संसदीय कार्य मंत्री श्री किरेन रिजिजू ने 06 से 09 नवंबर 2026 तक सऊदी अरब साम्राज्य की आधिकारिक यात्रा की। भारतीय प्रतिनिधिमंडल में अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय में संयुक्त सचिव (हज) और हज कमेटी ऑफ इंडिया के सीईओ शामिल थे।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2026/nov/image001_20261109202042_8a72ed.jpg

09 नवंबर 2026 को, केंद्रीय मंत्री ने जेद्दा सुपरडोम में सऊदी अरब साम्राज्य के हज और उमराह मंत्री महामहिम डॉ. तौफीक बिन फवजान अल-रबियाह के साथ द्विपक्षीय बैठक की। सऊदी अरब में भारत के राजदूत और संयुक्त सचिव (हज) भी हज-2027 की व्यवस्थाओं पर हुई सार्थक चर्चा में शामिल हुए। दोनों मंत्रियों ने हज-2027 के लिए चल रही तैयारियों की समीक्षा की, द्विपक्षीय समन्वय और लॉजिस्टिक सहायता को मजबूत करने के उपायों पर चर्चा की और प्रत्येक भारतीय हज यात्री के लिए सुरक्षित, सुगम तथा आरामदायक हजयात्रा सुनिश्चित करने की अपनी साझा प्रतिबद्धता को दोहराया। बैठक के बाद, दोनों पक्षों ने जेद्दा में हज-2027 के लिए भारत और सऊदी अरब के बीच हुए द्विपक्षीय हज समझौते पर हस्ताक्षर किए। भारत के लिए देश का कोटा 175,025 निर्धारित किया गया।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2026/nov/image002_20261109202050_947440.jpg

मंत्रियों ने कहा कि भारत और सऊदी अरब के बीच रणनीतिक साझेदारी लंबे समय से चले आ रहे ऐतिहासिक संबंधों और दोनों देशों के लोगों के बीच के आपसी संबंधों पर आधारित है। उन्होंने प्रत्येक भारतीय हज यात्री के लिए हज यात्रा को सफल और आरामदायक बनाने के लिए मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता दोहराई। माननीय मंत्री ने हज-2026 के सफल आयोजन की सराहना करते हुए सऊदी अरब को भरोसा दिलाया कि हज-2027 को भी सफलतापूर्वक आयोजित करने में भारत पूरा सहयोग देगा।

08 नवंबर 2026 को, श्री रिजिजू ‘छठे हज सम्मेलन और प्रदर्शनी’ के उद्घाटन समारोह में शामिल हुए। इसके अलावा, उन्होंने सऊदी अरब के हज और उमराह मंत्री डॉ. तौफीक अल-रबियाह की अध्यक्षता में आयोजित मंत्रिस्तरीय सम्मेलन में भी भाग लिया। उन्होंने हज यात्रियों के कल्याण के प्रति सऊदी नेतृत्व की निरंतर प्रतिबद्धता के लिए भारत की ओर से आभार व्यक्त किया। उन्होंने हज-2027 के लिए दोनों देशों के बीच सहयोग कायम रखने की भारत की प्रतिबद्धता को दोहराया। इसके साथ ही, उन्होंने अन्य मंत्रियों के साथ मिलकर मक्का क्षेत्र के उप-गवर्नर, प्रिंस सऊद बिन मिशाल बिन अब्दुलअजीज अल सऊद से भी मुलाकात की।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2026/nov/image003_20261109202059_05a573.jpg
https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2026/nov/image004_20261109202107_6dbbc6.jpg

अपनी यात्रा के दौरान, केंद्रीय मंत्री श्री रिजिजू ने जेद्दा स्थित ‘इंडिया हाउस’ में ‘नूर-ए-दीवाली’ समारोह में भाग लिया, जहां उन्होंने भारतीय समुदाय के सदस्यों और अधिकारियों से बातचीत की। उन्होंने दोनों देशों के बीच संबंधों को मजबूत करने में प्रवासी भारतीयों के योगदान की सराहना की और भारत तथा सऊदी अरब के बीच मित्रता और सद्भावना के एक जीवंत सेतु के रूप में उनकी भूमिका की प्रशंसा की। माननीय मंत्री ने हज-2027 की तैयारियों का जायजा लेने के लिए भारत के महावाणिज्य दूतावास, अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय और हज समिति के अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता भी की। उन्होंने सभी संबंधित पक्षों के समन्वित प्रयासों की सराहना की और भारतीय हज यात्रियों की सुविधा और कल्याण सुनिश्चित करने के लिए निरंतर आपसी समन्वय बनाए रखने का आग्रह किया। उन्होंने जेद्दा में हज से जुड़े प्रमुख स्थलों और सांस्कृतिक स्थानों का दौरा भी किया।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2026/nov/image005_20261109202115_98afaa.jpg

इस यात्रा से भारत और सऊदी अरब के बीच लंबे समय से चली आ रही साझेदारी और सुदृढ़ हुई है। इसके साथ ही, यह हज प्रबंधन,हज यात्रियों के कल्याण, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और लोगों के बीच आपसी संबंधों के क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को बढ़ाने की साझा प्रतिबद्धता को फिर से दोहराती है।

Comments

Comments (0)

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »