LIVE

इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय 31 अक्टूबर को छठे विशेष अभियान के समापन पर एकता दौड़ आयोजित करेगा

इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय लौह पुरूष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में और छठे विशेष अभियान के समापन के अवसर पर 31 अक्टूबर, 2026 को नई दिल्ली स्थित इलेक्ट्रॉनिक्स निकेतन में एकता दौड़ आयोजित करेंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य स्वच्छता, सरकारी संसाधनों के कुशल प्रबंधन तथा स्वच्छता को वर्षभर अपनाई जाने वाली नियमित कार्यप्रणाली के रूप में प्रोत्साहित करना है।

2 से 31 अक्टूबर, 2026 तक संचालित हो रहे छठे विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य लंबित मामलों का निपटारा, इलेक्ट्रॉनिक कचरे का वैज्ञानिक प्रबंधन, कबाड़ का निपटान, भौतिक एवं इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड की समीक्षा, स्वच्छता एवं स्थान प्रबंधन तथा नियमों और प्रशासनिक प्रक्रियाओं का सरलीकरण बनाना है।

इस अभियान में इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय मुख्यालय तथा इसके क्षेत्रीय और अन्य स्थानों पर स्थित कार्यालयों सहित संबद्ध संगठन भाग ले रहे हैं। अभियान के कार्यान्वयन में आम लोगों से सीधे जुड़े कार्यालयों में स्वच्छता, कबाड़ एवं ई-कचरे का वैज्ञानिक उपायों से निपटान, अधिकारियों को जागरूक बनाना तथा अभियान की अवधि समाप्त होने के बाद भी स्वच्छता संबंधी कार्यप्रणालियों को संस्थागत स्वरूप प्रदान करने पर जोर दिया जा रहा है।

31 अक्टूबर को आयोजित होने वाले कार्यक्रम में स्वच्छता शपथ, एकता दौड़ आयोजन तथा पिछले अभियान के दौरान सराहनीय प्रदर्शन करने वाले संगठनों को सम्मानित करना शामिल है। स्वच्छता बनाए रखने में सफाई मित्रों के योगदान को देखते हुए उन्हें सम्मानित किया जाएगा। एकता दौड़ में दिल्ली स्थित इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के विभिन्न संगठनों के अधिकारियों और कर्मचारियों के भाग लेने की संभावना है।

कार्यक्रम में स्वच्छता संबंधी पहल निरंतर जारी रखने तथा सरकारी परिसरों के दायित्वपूर्ण प्रबंधन के महत्व को भी रेखांकित किया जाएगा।

निर्धारित एकता दौड़ फिट इंडिया फ्रीडम रन 2026 के सातवें संस्करण का हिस्सा है, जिसका आयोजन देशभर में 2 से 31 अक्टूबर तक किया जा रहा है। फिटनेस की डोज, आधा घंटा रोज संदेश के साथ इस पहल का उद्देश्य लोगों को हर दिन कम से कम 30 मिनट शारीरिक गतिविधियां करने को प्रोत्साहित करना है। इस राष्ट्रव्यापी पहल की शुरुआत गांधी जयंती के अवसर पर प्लॉग रन से हुई थी और इसका समापन 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित एकता दौड़ के साथ होगा।

इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय का उद्देश्य ऐसी पहल के माध्यम से सरकारी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच स्वच्छता, शारीरिक फिटनेस, प्रशासनिक दक्षता और सामूहिक दायित्व की भावना को और सुदृढ़ बनाना है।

Comments

Comments (0)

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »