सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (एम एस एम ई) मंत्रालय की हिंदी सलाहकार समिति की बैठक 28 अक्टूबर, 2026 को डॉ. अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय केंद्र, नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री, एम एस एम ई, श्री जीतन राम मांझी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री, एम एस एम ई, सुश्री शोभा करांदलाजे उपाध्यक्ष के रूप में उपस्थित रहीं। मंत्रालय के सचिव श्री भरत खेड़ा तथा समिति के अन्य सदस्यों ने भी बैठक में भाग लिया।

बैठक के दौरान मंत्रालय की पत्रिका ‘उद्यमी मित्र’ के द्वितीय अंक तथा राष्ट्रीय लघु उद्योग निगम (एनएसआईसी) की पत्रिका ‘उद्यम प्रभा’ का विमोचन किया गया। इस अवसर पर मंत्रालय एवं उसके अधीनस्थ कार्यालयों में हिंदी के प्रयोग की प्रगति की समीक्षा भी की गई। सचिव श्री भरत खेड़ा ने जानकारी दी कि वर्ष 2025-26 में हिंदी में उत्कृष्ट कार्य के लिए मंत्रालय को राजभाषा कीर्ति पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।

समिति के सदस्यों ने हिंदी के प्रचार-प्रसार, राजभाषा संबंधी रिक्त पदों को भरने, दक्षिण भारत में हिंदी कार्यशालाओं के आयोजन तथा सरकारी दस्तावेजों को सरल एवं सहज हिंदी में तैयार करने के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव दिए। कार्यालयीन कामकाज में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग और उद्यमियों से उनकी भाषाई सुविधा के अनुरूप संवाद स्थापित करने पर भी बल दिया गया। इसके साथ ही तकनीक, प्रबंधन एवं उद्यमिता के क्षेत्रों में हिंदी के उपयोग को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।


केंद्रीय राज्य मंत्री, एम एस एम ई, सुश्री शोभा करांदलाजे ने हिंदी के प्रचार-प्रसार और सरकारी कार्यों में इसके अधिकाधिक प्रयोग पर बल दिया। केंद्रीय मंत्री, एम एस एम ई, श्री जीतन राम मांझी ने सरकारी कार्यालयों में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए सरकारी फाइलों पर हिंदी में टिप्पणियाँ लिखने का संकल्प लिया।
Comments (0)