LIVE

भारतीय राष्ट्रीय विज्ञान अकादमी (आईएनएसए) के अध्यक्ष प्रोफेसर शेखर सी. मांडे को संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्यों के लिए विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार से जुड़े 10 सदस्यीय समूह में नियुक्त में नियुक्त किया गया

भारतीय राष्ट्रीय विज्ञान अकादमी (आईएनएसए) के अध्यक्ष प्रोफेसर शेखर सी. मांडे को संयुक्त राष्ट्र महासचिव द्वारा 2026-2028 के कार्यकाल के लिए ‘सतत विकास लक्ष्यों (SDGs) के लिए विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार को बढ़ावा देने वाले नागरिक समाज, निजी क्षेत्र और वैज्ञानिक समुदाय के दस उच्च-स्तरीय प्रतिनिधियों के संयुक्त राष्ट्र समूह’ में नियुक्त किया गया है।

प्रोफेसर मांडे इस उच्चस्तरीय विशेषज्ञ समूह में दुनिया के नौ अन्य प्रतिष्ठित विशेषज्ञों के साथ शामिल होंगे। इस समूह में घाना की सुश्री मारियन डोरकास क्वेन और इटली के श्री जियोर्जियो रोसी सह-अध्यक्ष के रूप में शामिल हैं। अन्य सदस्यों में स्वीडन के श्री मैग्नस एंडरसन, ब्राजील की सुश्री मोनिका तेजो कैवलकांति, रूसी संघ की सुश्री एवगेनिया दिमित्रीवा, जापान की सुश्री मोटोक कोटानी, चीन के श्री जिन ली, मालदीव के श्री मदीन मसीह और नाइजीरिया की सुश्री रीता ओर्जी शामिल हैं। ये सदस्य विविध वैज्ञानिक विषयों और क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करते हैं और संयुक्त राष्ट्र के 2030 एजेंडा के तहत सतत विकास लक्ष्यों को प्राप्त करने की दिशा में वैश्विक प्रयासों को आगे बढ़ाने में अपनी सामूहिक विशेषज्ञता का योगदान देंगे।

यह 10-सदस्यीय समूह संयुक्त राष्ट्र प्रौद्योगिकी सुविधा तंत्र (टीएफएम) का एक अभिन्न अंग है, जो सतत विकास के लिए विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार का उपयोग करने हेतु सहयोग और साझेदारी को बढ़ावा देता है। यह समूह SDGs (आईएटीटी) के लिए विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार पर संयुक्त राष्ट्र अंतर-एजेंसी कार्यबल के साथ मिलकर काम करता है, जो उभरते वैज्ञानिक व प्रौद्योगिकी विकास और सतत विकास पर उनके प्रभावों पर मार्गदर्शन व सिफारिशें प्रदान करता है।

इस समूह के कार्यक्षेत्र में संयुक्त राष्ट्र विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार मंच में योगदान देना, प्रौद्योगिकी समाधानों और साझेदारी को लेकर सिफारिशें देना तथा उभरती प्रौद्योगिकियों, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, डिजिटलीकरण, जैव प्रौद्योगिकी, क्वांटम प्रौद्योगिकी, क्षमता निर्माण, सामाजिक समावेशन और सतत विकास लक्ष्यों के लिए विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार रोडमैप जैसे क्षेत्रों पर सलाह देना शामिल है.

प्रोफेसर मांडे संरचनात्मक और कम्प्यूटेशनल जीवविज्ञान के प्रतिष्ठित विशेषज्ञ और वैज्ञानिक प्रशासक हैं. वह वर्तमान में आईएनएसए के अध्यक्ष और सावित्रीबाई फुले पुणे विश्वविद्यालय के जैव सूचना विज्ञान केंद्र में विशिष्ट प्रोफेसर हैं. इसके साथ ही वह पुणे स्थित राष्ट्रीय कोशिका विज्ञान केंद्र (एनसीसीए) में जेसी बोस फेलो भी हैं. प्रोफेसर मांडे विज्ञान भारती के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में भी कार्यरत हैं. विज्ञान भारती भारत में वैज्ञानिक जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए समर्पित एक राष्ट्रीय विज्ञान आंदोलन है.

वह इससे पहले वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएसआईआर) के महानिदेशक और भारत सरकार के वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान विभाग (डीएसआईआर) के सचिव के रूप में कार्य कर चुके हैं। उनकी नियुक्ति भारतीय वैज्ञानिक विशेषज्ञता की बढ़ती वैश्विक पहचान और वैश्विक विकास चुनौतियों से निपटने के लिए विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार पर अंतरराष्ट्रीय संवाद में भारत के योगदान को दर्शाती है।

भारतीय राष्ट्रीय विज्ञान अकादमी ने प्रोफेसर शेखर सी. मांडे को इस महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय नियुक्ति पर बधाई दी है और सतत विकास लक्ष्यों को आगे बढ़ाने में विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार की भूमिका मजबूत करने की दिशा में उनके योगदान की अपेक्षा जताई है।

Comments

Comments (0)

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »