LIVE

भारतीय नौसेना पोत त्रिशूल ने भारत-फ्रांस द्विपक्षीय समुद्री अभ्यास वरुण के 24वें संस्करण में भाग लिया


भारतीय नौसेना पोत-आईएनएस त्रिशूल फ्रांसीसी नौसेना के साथ वार्षिक द्विपक्षीय समुद्री अभ्यास ‘वरुण’ के 24वें संस्करण में भाग लेने के लिए 22 सितंबर 2026 को फ्रांस के टूलॉन पहुंचा।

फ्रांसीसी नौसेना ने औपचारिक वॉटर कैनन सैल्‍यूट के साथ आईएनएस त्रिशूल का स्वागत किया। हार्बर चरण में पेशेवर, खेल और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए जिनका उद्देश्य दोनों नौसेनाओं के बीच समुद्री और पेशेवर संबंधों को मजबूत करना था। भारतीय नौसेना पोत त्रिशूल के कमांडिंग ऑफिसर ने संचालन के उप कमांडर-इन-चीफ (सीईसीएमईडी) रियर एडमिरल मैकारा ओउक से मुलाकात की और फ्रांसीसी नौसेना के वरिष्ठ नेतृत्व के साथ बातचीत की।

कमांडिंग ऑफिसर, अधिकारियों और क्रू ने मार्सिले स्थित मजार्ग्स युद्ध स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर विश्व युद्धों के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले 205 भारतीय सैनिकों को श्रद्धांजलि दी। पेशेवर गतिविधियों में क्रॉस-डेक दौरे और परिचालन अनुभवों का आदान-प्रदान शामिल था, जिससे दोनों नौसेनाओं के बीच अंतर-संचालनीयता को बढ़ावा मिला।

आईएनएस त्रिशूल पर एक सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें टूलॉन के उप महापौर, वाइस एडमिरल (सेवानिवृत्त) लॉरेंट इस्नार्ड, फ्रांसीसी नौसेना के अधिकारी और अन्य नागरिक गणमान्य व्यक्ति शामिल हुए। वॉलीबॉल मैच ने दोनों नौसेनाओं के कर्मियों के बीच सौहार्द को और मजबूत किया। त्रिशूल के चालक दल ने फ्रांसीसी नौसेना के जहाजों चार्ल्स डी गॉल, फोर्बिन और ला फेयेट का भी दौरा किया, जिससे उन्हें विमानवाहक पोत संचालन, विमानन सुविधाओं और जहाज पर अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं के बारे में जानकारी मिली।

आईएनएस त्रिशूल ने फ्रांसीसी नौसेना की इकाइयों, एफडीए फोर्बिन, एफएलएफ ला फेयेट और एसएनए सफ्रेन, एनएच90 हेलीकॉप्टर और अटलांटिक-2 समुद्री गश्ती विमान के साथ समुद्री अभ्यास किया। पनडुब्बी रोधी, सतह रोधी और लाइव फायरिंग अभ्यासों के साथ-साथ क्रॉस-डेक हेलीकॉप्टर लैंडिंग अभ्यासों ने दोनों नौसेनाओं के बीच परिचालन समन्वय, अंतरसंचालनीयता और तालमेल को बढ़ाया।

आईएनएस त्रिशूल की टूलॉन यात्रा भारत और फ्रांस के बीच मजबूत और स्थायी समुद्री साझेदारी और दोनों नौसेनाओं की समुद्री जुड़ाव, अंतरसंचालनीयता और पेशेवर आदान-प्रदान को मजबूत करने की प्रतिबद्धता की पुष्टि करती है।

Comments

Comments (0)

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »