LIVE

भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई)-2026 में मलयालम सिनेमा का उत्सव मनाया जाएगा, प्रेम नजीर की विरासत को याद किया जाएगा और नई पीढ़ी के फिल्मकारों  पर ध्यान केन्द्रित किया जाएगा


महोत्सव में प्रदर्शित की जाने वाली मलयालम फिल्मों में ‘सर्वम माया’, ‘ओट्टनजावलमरम’ और ‘अजयंते मरणम: ओरु केस स्टडी’ शामिल हैं

बेसिल जोसेफ और के. एस. चित्रा फिल्म महोत्सव के विशेष सत्रों में हिस्सा लेंगे

‘सदाबहार रोमांटिक हीरो’ प्रेम नजीर की स्थायी विरासत से लेकर नई पीढ़ी के फिल्मकारों की समकालीन कहानी-कला तक, 57वां भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई) गोवा में मलयालम सिनेमा की समृद्धि एवं विविधता को सबके सामने लाने जा रहा है।

मलयालम सिनेमा के प्रेमियों के लिए एक खास आकर्षण ‘शताब्दी समारोह’ होगा, जिसमें ‘तुलाभारम’ फिल्म दिखाई जाएगी। यह फिल्म दिग्गज मलयालम अभिनेता प्रेम नजीर से जुड़ी है। इस फिल्म का प्रदर्शन, भारतीय सिनेमा की महान हस्तियों की शताब्दी मनाने के आईएफएफआई के व्यापक आयोजन का हिस्सा है। इसके जरिए दर्शकों को उन फिल्मों और अभिनय को फिर से देखने का मौका मिलेगा, जिन्होंने देश के सिनेमाई इतिहास पर एक अमिट छाप छोड़ी है।

अखिल सत्यन द्वारा निर्देशित फिल्म ‘सर्वम माया’ समकालीन मलयालम सिनेमा का प्रतिनिधित्व करेगी। इस फिल्म में निविन पॉली, अजू वर्गीज, रिया शिबू और प्रीति मुकुंदन मुख्य भूमिकाओं में हैं। भारतीय पैनोरमा के फीचर-फिल्म खंड के लिए चुनी गई यह अलौकिक ड्रामा फिल्म आस्था, प्रेम और आत्म-खोज की पड़ताल करती है। यह प्रभेन्दु नाम के एक नास्तिक संगीतकार की कहानी है, जो एक युवा महिला की आत्मा के साथ एक अनोखे रिश्ते में बंध जाता है।  

भारतीय पैनोरमा के ‘न्यू होराइजन’ खंड में मलयालम फिल्में ‘ओट्टनजावलमरम’ (एक अकेला जामुन का पेड़) और ‘अजयंते मरणम: ओरु केस स्टडी’ शामिल हैं। जहां ‘ओट्टनजावलमरम’ का निर्देशन श्रुति शरण्यम ने किया है, वहीं ‘अजयंते मरणम: ओरु केस स्टडी’ का निर्देशन श्रीहरि हरिदास ने किया है। फिल्म महोत्सव के गैर-फीचर खंड में संदीप फ्रांसिस द्वारा निर्देशित 11 मिनट की मलयालम लघु फिल्म ‘स्विच ऑफ’ को चुना गया है। इसके अलावा, केरल के फिल्म निर्माता समजाद द्वारा निर्देशित फिल्म ‘हाफ’ को ‘गाला प्रीमियर’ खंड में दिखाया जाएगा। ये सभी फिल्में मलयालम सिनेमा की विषय-वस्तु और कहानी कहने की कला की विविधता को दर्शाती हैं।

मल्यालम फिल्म जगत की विभिन्न हस्तियां भी इस महोत्सव के विशेष संवादों एवं सत्रों में मुख्य आकर्षण होंगी। फिल्मकार एवं अभिनेता बेसिल जोसेफ ‘महाकाव्यात्मक शैलियां – पौराणिक कथाएं, सुपरहीरो और नई दुनिया’ (द एपिक जॉनर्स – माइथोलॉजीज, सुपरहीरोज एंड न्यू वर्ल्ड्स) शीर्षक वाले एक सत्र में हिस्सा लेंगे। इसमें वे सिनेमा में महाकाव्यात्मक कहानी कहने की बदलती शैलियों पर चर्चा करेंगे। प्रसिद्ध पार्श्व गायिका और ‘सुरों की रानी’ (मेलोडी क्वीन) के. एस. चित्रा एक विशेष सत्र का नेतृत्व करेंगी, जिसमें वे आशा भोंसले और एस. जानकी जैसी सदाबहार गायिकाओं को श्रद्धांजलि देंगी।

57वां भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई) 20 से 28 नवंबर 2026 तक गोवा में आयोजित होने जा रहा है। इसकी थीम ‘सीमाओं के पार की कहानियां’ (स्टोरीज विदाउट बॉर्डर्स) है। यह महोत्सव भारत और दुनिया भर की फिल्मों, फिल्मकारों तथा सिनेमा प्रेमियों को एक मंच पर लाएगा, जिससे सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा मिलेगा और सिनेमा की सार्वभौमिक भाषा का उत्सव मनाया जाएगा।  

Comments

Comments (0)

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »