LIVE

भारत में संबद्ध एवं स्वास्थ्य सेवा पेशे को सशक्त बनाने के लिए एनसीएएचपी ने नई पंजीकरण रूपरेखा का प्रस्ताव किया


मसौदा विनियमों में अनंतिम पंजीकरण, कौशल उन्नयन और निर्धारित दक्षता मानकों के माध्यम से नियमित पंजीकरण की व्यवस्था का प्रस्ताव

पेशेवर विकास और करियर में उन्नति के लिए अर्हता परीक्षाओं तथा ब्रिज कोर्स का प्रस्ताव

पारदर्शिता, दक्षता और जवाबदेही बढ़ाने के लिए एकीकृत डिजिटल पंजीकरण प्रणाली

एनसीएएचपी ने 4 दिसंबर, 2026 तक मसौदा विनियमों पर हितधारकों से राय मांगी

भारत के संबद्ध एवं स्वास्थ्य सेवा कार्यबल को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के अंतर्गत राष्ट्रीय संबद्ध एवं स्वास्थ्य सेवा व्यवसाय आयोग (एनसीएएचपी) ने पात्र संबद्ध एवं स्वास्थ्य सेवा पेशेवरों के अनंतिम पंजीकरण के लिए एक व्यापक नियामक रूपरेखा का प्रस्ताव किया है। इसमें कौशल उन्नयन, दक्षता आकलन और नियमित पंजीकरण की प्रक्रिया अपनाने के लिए स्पष्ट प्रावधान निर्धारित किए गए हैं।

प्रस्तावित रूपरेखा का उद्देश्य व्यावसायिक पंजीकरण की प्रक्रिया में अधिक एकरूपता, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना है। इसके साथ ही पात्र कार्यरत पेशेवरों को निर्धारित मानकों के अनुरूप अपनी योग्यताओं और दक्षताओं को बढ़ाने के लिए व्यवस्थित अवसर उपलब्ध कराना भी इसका लक्ष्य है।

इस उद्देश्य से एनसीएएचपी ने राष्ट्रीय संबद्ध एवं स्वास्थ्य सेवा व्यवसाय आयोग अधिनियम, 2021 के तहत तैयार किए गए ‘संबद्ध एवं स्वास्थ्य सेवा पेशेवरों के अनंतिम पंजीकरण संबंधी मसौदा विनियम, 2026’ पर आम जनता और हितधारकों से सलाह मांगी है।

व्यावसायिक पंजीकरण और करियर में उन्नति के लिए व्यवस्थित तरीका

प्रस्तावित विनियमों की एक प्रमुख विशेषता एनसीएएचपी अधिनियम, 2021 के प्रावधानों के अनुरूप पात्र संबद्ध एवं स्वास्थ्य सेवा पेशेवरों के अनंतिम पंजीकरण के लिए एक पारदर्शी और मानकीकृत व्यवस्था स्थापित करना है।

इस रूपरेखा में निर्धारित पात्रता मानदंड, प्रमाण-पत्रों एवं दस्तावेजों का सत्यापन तथा पंजीकरण की स्पष्ट प्रक्रियाएं शामिल हैं। इससे यह सुनिश्चित होगा कि व्यावसायिक मान्यता वैधानिक आवश्यकताओं और निर्धारित दक्षता मानकों के अनुरूप हो।

महत्वपूर्ण बात यह है कि प्रस्तावित विनियमों में अनंतिम रूप से पंजीकृत पात्र पेशेवरों को कौशल संवर्धन के लिए निर्धारित ब्रिज कोर्स, पर्यवेक्षण में नैदानिक प्रशिक्षण और जहां भी लागू हो, न्यूनतम अर्हता परीक्षाओं में शामिल होने के अवसर भी प्रदान किए गए हैं, ताकि वे नियमित पंजीकरण की आवश्यकताओं को पूरा कर सकें।

दक्षता-आधारित यह दृष्टिकोण निरंतर व्यावसायिक विकास को प्रोत्साहित करने, करियर में उन्नति को सुगम बनाने और संबद्ध एवं स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से तैयार किया गया है।

व्यावसायिक मानकों और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को सुदृढ़ करना

प्रस्तावित रूपरेखा में कौशल विकास, व्यावसायिक दक्षता और नियामक जवाबदेही पर विशेष बल दिया गया है।

नियमित पंजीकरण की प्रक्रिया को निर्धारित शैक्षणिक और दक्षता संबंधी आवश्यकताओं से जोड़कर इन विनियमों का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि संबद्ध एवं स्वास्थ्य सेवा पेशेवरों के पास गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए आवश्यक ज्ञान, कौशल और नैदानिक दक्षताएं हों।

इस पहल से अधिक कुशल, सुव्यवस्थित और व्यावसायिक रूप से जवाबदेह कार्यबल तैयार होने की उम्मीद है। साथ ही, इससे रोगियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता के मानकों को भी मजबूती मिलेगी।

अधिक पारदर्शिता और दक्षता के लिए डिजिटल पंजीकरण

मसौदा विनियमों में आवेदन जमा करने, प्रमाण-पत्रों एवं दस्तावेजों के सत्यापन, पात्रता के आकलन तथा अनंतिम पंजीकरण प्रमाण-पत्र जारी करने की प्रक्रिया को सुव्यवस्थित बनाने के लिए एकीकृत ऑनलाइन पंजीकरण प्रणाली की परिकल्पना की गई है।

अनंतिम पंजीकरण प्राप्त करने वाले पात्र पेशेवरों को अनंतिम पंजीकरण विशिष्ट पहचान संख्या (पीआर यूआईडी) प्रदान की जाएगी, जिससे उनकी व्यवस्थित पहचान और नियामक निगरानी सुनिश्चित हो सकेगी।

इस डिजिटल व्यवस्था का उद्देश्य पंजीकरण प्रक्रियाओं को सरल बनाना, उनकी पहुंच को सुगम करना तथा सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में अधिक पारदर्शिता, दक्षता और एकरूपता को बढ़ावा देना है।

प्रस्तावित विनियमों की प्रमुख विशेषताएं

मसौदा विनियमों में निम्नलिखित प्रावधान किए गए हैं:

– अनंतिम पंजीकरण के लिए मानकीकृत पात्रता मानदंड और प्रक्रियाएं।

– विशिष्ट पहचान संख्या के साथ पंजीकरण प्रमाण-पत्र जारी करने, ऑनलाइन आवेदन और सत्यापन की व्यवस्था।

– अनंतिम पंजीकरण की वैधता, अवधि बढ़ाने, समाप्ति और अपील से संबंधित स्पष्ट प्रावधान।

– कौशल संवर्धन के लिए निर्धारित ब्रिज कोर्स, दक्षता आकलन और अर्हता परीक्षाएं, जहां भी लागू हो।

– व्यावसायिक कौशल विकास के लिए पर्यवेक्षण में नैदानिक प्रशिक्षण और संस्थागत आवश्यकताएं।

– निर्धारित शर्तों को पूरा करने के अधीन उपयुक्त केंद्रीय या राज्य रजिस्टर में नियमित पंजीकरण की व्यवस्था।

इन सभी प्रावधानों का उद्देश्य एक सुदृढ़, पारदर्शी और दक्षता-आधारित पंजीकरण प्रणाली स्थापित करना है, जो स्वास्थ्य सेवाओं के मानकों को बनाए रखते हुए पेशेवरों के विकास को प्रोत्साहित करे।

एनसीएएचपी ने 4 दिसंबर, 2026 तक हितधारकों से सुझाव आमंत्रित किए

पारदर्शी और सहभागी नियमन को लेकर अपनी प्रतिबद्धता के तहत एनसीएएचपी ने संबद्ध एवं स्वास्थ्य सेवा पेशेवरों, व्यावसायिक संघों, शैक्षणिक संस्थानों, राज्य संबद्ध एवं स्वास्थ्य सेवा परिषदों, स्वास्थ्य संस्थानों, विशेषज्ञों और आम जनता से टिप्पणियां, सुझाव और आपत्तियां आमंत्रित की हैं।

मसौदा विनियम एनसीएएचपी की आधिकारिक वेबसाइट https://ncahp.abdm.gov.in/ पर उपलब्ध हैं। हितधारक अपने सुझाव और प्रतिक्रियाएं 4 दिसंबर, 2026 तक ncahp.regulations@ncahp.mohfw.gov.in  पर भेज सकते हैं।

विनियमों को अंतिम रूप देने से पहले प्राप्त सुझावों और प्रतिक्रियाओं पर विचार किया जाएगा।

यह प्रस्तावित पहल अधिक पारदर्शी, समावेशी और दक्षता-आधारित नियामक व्यवस्था स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे पेशेवरों के विकास को प्रोत्साहन मिलेगा और देश की बदलती स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए भारत के संबद्ध एवं स्वास्थ्य सेवा कार्यबल को सशक्त बनाने में मदद मिलेगी।

Comments

Comments (0)

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »