LIVE

भारत–चिली सीईपीए वार्ता अगले चरण में पहुंची, वाणिज्य सचिव श्री राजेश अग्रवाल ने चिली की उप-मंत्री पाउला एस्टेवेज वेनस्टीन से मुलाकात की


व्यापार और निवेश संबंधों को मजबूत करेगा भारत-चिली सीईपीए, वर्ष के अंत तक वार्ता पूरी करने का लक्ष्य

वाणिज्य सचिव श्री राजेश अग्रवाल ने भारत-चिली व्यापक आर्थिक भागीदारी समझौते (सीईपीए) पर बातचीत को आगे बढ़ाने के लिए 26 अगस्त 2026 को सैंटियागो, चिली में चिली गणराज्य की अंतरराष्ट्रीय आर्थिक संबंधों की उप-मंत्री सुश्री पाउला एस्टेवेज वेन्स्टीन से मुलाकात की।

भारत ने दोनों देशों के व्यवसायों और लोगों के लिए सार्थक अवसर पैदा करने पर ध्यान केंद्रित करते हुए, भारत-चिली आर्थिक साझेदारी को मजबूत करने में खुलेपन, निरंतर जुड़ाव और एक संतुलित दृष्टिकोण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। ग्लोबल साउथ के सदस्यों के रूप में भारत और चिली की साझा पहचान, उनके साझा रणनीतिक दृष्टिकोण के साथ, द्विपक्षीय आर्थिक सहयोग को गहरा करने और साझा समृद्धि को बढ़ावा देने के लिए एक मजबूत आधार प्रदान करती है।

दोनों पक्षों ने भारत-चिली के मजबूत और बढ़ते संबंधों को और आगे बढ़ाने तथा यह सुनिश्चित करने के महत्व पर बल दिया कि सीईपीए साझा उद्देश्यों और आकांक्षाओं को दोनों पक्षों के व्यवसायों के लिए ठोस एवं वाणिज्यिक रूप से सार्थक अवसरों में बदले।

वाणिज्य सचिव ने स्वास्थ्य सेवा, फार्मास्यूटिकल्स, ऊर्जा, खनिज, कृषि, मशीनरी और इंजीनियरिंग सहित विभिन्न क्षेत्रों में बढ़ते आर्थिक सहयोग की अपार संभावनाओं पर प्रकाश डाला। सीईपीए वार्ताओं के सफल समापन से दोनों देशों के बीच बढ़ते द्विपक्षीय व्यापार और आर्थिक साझेदारी को और अधिक गति मिलेगी।

भारत इस वर्ष के भीतर सीईपीए वार्ताओं को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है, जिसका उद्देश्य एक संतुलित और पारस्परिक रूप से लाभकारी ढांचा तैयार करना है जो दोनों पक्षों के व्यवसायों के लिए न्यायसंगत और वाणिज्यिक रूप से सार्थक परिणाम प्रदान करे।

सीईपीए से व्यापार और निवेश में वृद्धि के नए मार्ग खुलने की उम्मीद है, जिससे प्रौद्योगिकी, प्रतिभा और रेसिलिएंट सप्लाई चेन में सहयोग को बढ़ावा मिलेगा और इस प्रकार भारत तथा चिली के बीच दीर्घकालिक आर्थिक सहयोग के लिए एक मजबूत आधार तैयार होगा।

Comments

Comments (0)

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »