LIVE

भारत और इथियोपिया के बीच दूसरी जेडीसी बैठक अदीस अबाबा में हुई

भारत और इथियोपिया के बीच दूसरी संयुक्त रक्षा सहयोग (जेडीसी) बैठक आज, 28 सितंबर 2026 को अदीस अबाबा में हुई। दोनों देशों ने सैन्य प्रशिक्षण, सैन्य अभ्यास, चिकित्सा सहयोग, शांति स्थापना और रक्षा उद्योग के क्षेत्रों में आपसी हित के विषयों पर चर्चा की। दोनों पक्ष प्रशिक्षण संस्थानों से कर्मियों के आदान-प्रदान, रक्षा उत्पादन में संयुक्त उद्यमों के अवसरों का पता लगाने, प्रतिनिधिमंडलों के दौरे और अनुभव साझा करने वाली बातचीत के माध्यम से रक्षा सहयोग गतिविधियों का विस्तार तथा उन्हें और प्रगाढ़ करने पर सहमत हुए।

यह दौरा भारत-इथियोपिया रक्षा संबंधों में एक महत्वपूर्ण कदम है और साथ मिलकर काम करने के लिए दोनों पक्षों की प्रतिबद्धता को मजबूत करता है। यह फरवरी 2025 में दोनों देशों के रक्षा मंत्रियों द्वारा हस्ताक्षरित रक्षा सहयोग समझौता ज्ञापन (एमओयू) के माध्यम से स्थापित संस्थागत व्यवस्था का भी हिस्सा है। पहली जेडीसी बैठक अक्टूबर 2025 में नई दिल्ली में हुई थी।

बैठक की सह-अध्यक्षता रक्षा मंत्रालय के संयुक्त सचिव श्री संजय कुमार और इथियोपिया के रक्षा विदेश संबंध और सैन्य सहयोग महानिदेशक मेजर जनरल टेशोम गेमेचू ने की। भारतीय प्रतिनिधिमंडल में रक्षा विभाग और वायु सेना मुख्यालय के अधिकारी शामिल थे। इथियोपिया में भारत के राजदूत श्री देवेश उत्तम ने भी बैठक में भाग लिया।

इथियोपिया भारत का एक महत्वपूर्ण रक्षा भागीदार है और यह साझेदारी 1958 में शुरू हुई थी। दिसंबर 2025 में भारत के प्रधानमंत्री की इथियोपिया यात्रा के दौरान, दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को ‘रणनीतिक साझेदारी’ के स्तर तक बढ़ाया गया था।

Comments

Comments (0)

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »