भारत और अमरीका के बीच पांचवा द्विपक्षीय त्रि-सैन्य मानवीय सहायता एवं आपदा राहत अभ्यास टाइगर ट्रायम्फ 2026 05 नवंबर, 2026 को विशाखापत्तनम में समारोह पूर्वक संपन्न हो गया।
31 अक्टूबर से 05 नवंबर, 2026 तक आयोजित इस अभ्यास में दोनों देशों के सशस्त्र बल कर्मियों ने भाग लिया। अभ्यास में सैन्य बल अभ्यास- स्टाफएक्स और संरचित, परिदृश्य-आधारित आपातकालीन प्रतिक्रिया योजनाओं के परीक्षण और मूल्यांकन संबंधी सैन्य चर्चा -टेबलटॉप अभ्यास शामिल रही। इसका मुख्य उद्देश्य संयुक्त मानवीय सहायता एवं आपदा राहत अभियानों की योजना बनाने और अंतर-संचालनीय क्षमता बढ़ाने तथा आपसी समझ मजबूत बनाना था। इसमें विशेष रूप से संयुक्त उभयचर अभियानों (वह सैन्य अभियान जिसमें नौसेना और थल सेना मिलकर समुद्र के रास्ते दुश्मन के किसी तट या इलाके पर हमला करती हैं।) पर जोर दिया गया।
स्टाफ अभ्यास के अंतर्गत परिचालन योजना, शैक्षणिक व्याख्यान और समसामयिक विषय के विशेषज्ञों के बीच विचार-विमर्श एवं अनुभवों का आदान-प्रदान हुआ। इसमें साइबर क्षेत्र और चिकित्सा अभियानों सहित विभिन्न विषय शामिल रहे और पेशेवर विशेषज्ञता और सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों को बढ़ावा मिला।
टेबलटॉप अभ्यास में सैन्य बलों को स्टाफ अभ्यास के दौरान विकसित अवधारणाओं और योजनाओं को अनुकरणीय परिचालन वातावरण में लागू करने का अवसर मिला। इससे संयुक्त रूप से होने वाली मानवीय सहायता एवं आपदा राहत अभियानों के दौरान उत्पन्न परिचालन चुनौतियों और समन्वय तंत्र पर साझा समझ विकसित करने में मदद मिली।
समापन समारोह में नौसेना के पूर्वी बेड़े के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग रियर एडमिरल विशाल बिश्नोई और अमरीकी प्रशांत बेड़े के वाइस कमांडर रियर एडमिरल जोक्विन जे. मार्टिनेज डी पिनिलोस सहित दोनों देशों के वरिष्ठ अधिकारियों और गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया।
वर्ष 2019 में पहली बार आयोजित अभ्यास टाइगर ट्रायम्फ भारत और अमरीका के बीच परिचालन तालमेल बढ़ाने तथा द्विपक्षीय रक्षा सहयोग सुदृढ बनाने में निरंतर योगदान दे रहा है। वर्ष 2026 में इस अभ्यास का सफल समापन संयुक्त मानवीय सहायता एवं आपदा राहत क्षमता बढ़ाने तथा हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता और सुरक्षा में योगदान के प्रति दोनों देशों की प्रतिबद्धता की पुनः पुष्टि करता है।
(2)_20261106140002_d7db41.jpeg)
(2)_20261106140023_cdab2e.jpeg)
(2)_20261106140036_67ed51.jpeg)
(2)_20261106140048_828c70.jpeg)
(2)_20261106140102_b88742.jpeg)
Comments (0)